Friday, July 26, 2019

झाड़ू लगाने पर उड़ी धूल तो पीट दिए सफाईकर्मी

नई दिल्ली
सफाई के दौरान धूल उड़ने को लेकर हुई बहस में नौबत मारपीट तक आ गई। इसमें दो महिलाओं सहित पांच निगम सफाईकर्मी जख्मी हो गए। इनकी पहचान शशि, सुदेश, पिंटू, अंजू कुमार और विशाल के रूप में हुई है। सभी को जीटीबी अस्पताल में इलाज के बाद इन्हें छुट्टी दे दी गई। मामले की जानकारी मिलते पर सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी थाने पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद गैर इरादतन हत्या के प्रयास, सरकारी काम में बाधा, महिलाओं से बदसलूकी समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया।

पुलिस ने विनोद, उसकी पत्नी सुमित्रा और चार अन्य को आरोपी बनाया है। विनोद को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, शशि ईस्ट एमसीडी में बतौर सफाई कर्मचारी तैनात हैं। वह गुरुवार सुबह करीब 8 बजे ‘बी’ ब्लॉक, प्रताप नगर हर्ष विहार में सड़क पर झाड़ू लगा रही थीं। इससे धूल उड़ने लगी तो विनोद घर से बाहर निकला। दोनों के बीच इस पर विवाद हो गया। शुक्रवार को शशि के साथ कुछ सफाईकर्मी विनोद से बात करने पहुंचे।

आरोप है कि विनोद की पत्नी, बेटे और तीन अन्य ने शशि के साथ मारपीट शुरू कर दी। शशि किसी तरह से वहां निकलीं और चार अन्य सफाई कर्मियों को लेकर मौके पर पहुंच गई। लेकिन आरोपियों ने उन पर लाठी, डंडों और सरिया से हमला कर दिया। इसमें किसी का सिर फूटा तो किसी के हाथ में गंभीर चोट आई।

सूचना मिलते ही अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय गहलोत और दिल्ली प्रदेश सफाई मजदूर यूनियन के अध्यक्ष संजीत चंदेल के नेतृत्व सैकड़ों सफाईकर्मी हर्ष विहार थाने पहुंच गए। यहां जमकर हंगामा किया। दूसरी तरफ, स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस ने सफाई कर्मचारियों के एकतरफा कार्रवाई की है।

आरोप है कि एक दिन पहले एक दुकान में शशि और एक अन्य महिला दुकान में बैठी थीं। विनोद ने टोकते हुए कहा कि तुम लोग सफाई नहीं करती हो, सिर्फ बैठे रहती हो। इसी को लेकर विवाद हुआ। शुक्रवार को शशि अपने साथ चार-पांच लोगों को लेकर विनोद के घर पहुंच गई। इसके बाद यहां झगड़ा शुरू हुआ।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: झाड़ू लगाने पर उड़ी धूल तो पीट दिए सफाईकर्मी