Monday, December 31, 2018

84 दंगा: पूर्व कांग्रेस नेता सज्जन कुमार का सरेंडर

नई दिल्ली
1984 में हुए सिख विरोधी दंगों के मामले में उम्रकैद की सजा पाए पूर्व कांग्रेसी नेता सज्जन कुमार ने आज दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इसके बाद उन्हें तिहाड़ सेन्ट्रल जेल भेजा जाएगा। सज्जन से पहले 2 दोषियों- महेंद्र यादव और किशन खोखर ने भी सरेंडर किया। कोर्ट ने महेंद्र यादव को अपनी टहलने की छड़ी और चश्मों को जेल ले जाने की इजाजत दे दी। यादव और खोखर को 10-10 साल की सजा हुई है। बता दें कि 17 सितंबर को दिल्ली हाई कोर्ट ने सज्जन कुमार को दिल्ली कैंट इलाके में 5 सिखों की हत्या के लिए दोषी ठहराया था। सभी दोषियों को 31 दिसंबर तक सरेंडर करना था।

सज्जन के सरेंडर को देखते हुए तिहाड़ जेल प्रशासन की ओर से उन्हें किस जेल की किस बैरक में रखा जाना है, इसके पहले ही इंतजाम कर दिए गए हैं। नवभारत टाइम्स को पता चला है कि सज्जन को तिहाड़ की जेल नंबर-2 में रखा जाएगा। इसी जेल में अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन को भी रखा गया है। हालांकि उन्हें खतरनाक कैदियों के साथ नहीं रखा जाएगा। इतना ही नहीं, बताया जाता है कि सज्जन को सिख कैदियों से दूर रखा जाएगा।

जेल सूत्रों का कहना है कि आमतौर पर सजायाफ्ता कैदियों से जेल के अंदर कुछ ना कुछ काम कराया जाता है। लेकिन शायद सज्जन कुमार के साथ ऐसा ना किया जाए। इसके दो बड़े कारण बताए जा रहे हैं। पहला- कहीं ऐसा ना हो कि वह जेल के अंदर भी कैदियों को राजनीति का पाठ पढ़ाने लगें। दूसरा- उनकी अधिक उम्र। इन दोनों वजहों से देखते हुए फिलहाल तो इस बात की संभावना बेहद कम है कि सज्जन से कुछ काम कराया जाएगा। हां, समय काटने के लिए सज्जन ने ही जेल प्रशासन से कुछ काम कराने की रिक्वेस्ट की तो उनकी प्रार्थना पर गौर किया जा सकता है। जेल सूत्रों का कहना है कि चूंकि सिख दंगों से जुड़े होने की वजह से उनके खिलाफ सिख समुदाय में गुस्सा है। इसलिए उन्हें जेल के अंदर भी सिख कैदियों से दूर रखा जाएगा।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: 84 दंगा: पूर्व कांग्रेस नेता सज्जन कुमार का सरेंडर