Wednesday, September 27, 2017

हत्या कर बोली, '...अम्मा दरवाजा नहीं खोल रहीं'

नई दिल्ली
मंडावली में बीती रात एक घर में सास-बहू की 'तू-तू-मैं-मैं' का खौफनाक अंत हुआ! दोनों के बीच बच्चों के शोर मचाने पर झगड़ा हुआ था। गुस्से में बौखलाई बहू ने लकड़ी का पटरा बूढ़ी और विकलांग सास के सिर पर दे मारा।

सास बेहोश होकर गिरीं, खूनमखून हो गईं। ऐसे में बहू ने घर में मिट्टी का तेल खोजा ताकि घटना को हादसे या आत्महत्या का रूप दे सके। घर में मिट्टी तेल नहीं मिला तो सास के शरीर पर सरसों का तेल पटाकर आग लगा दी। उसके बाद नाइट ड्यूटी पर मौजूद पति को कॉल करके बोली, 'अम्मा... रात 10 बजे से कमरे से नहीं निकली हैं, कुछ गड़बड़ लग रही है।' बेटा भागा-भागा घर आया। तब तक मां का शरीर ठंडा पड़ चुका था। शव का निचला हिस्सा जला हुआ था। शरीर खून से सना था। बेटे ने बदहवाशी में पुलिस को कॉल करके हत्या के बारे में बताया।

विकलांग सीनियर सिटिजन की घर में हत्या की सूचना से सनसनी फैल गई। मंडावली पुलिस ने तहकीकात शुरू की। कुछ देर की छानबीन में बहू पर शक गहरा गया। कड़ी पूछताछ में बहू ने गुनाह कबूल कर लिया। सास पैरों से विकलांग थीं। अकेली ग्राउंड फ्लोर पर रहती थीं। फर्स्ट फ्लोर पर बेटे-बहू का परिवार रहता था।

डीसीपी(ईस्ट) ओमवीर सिंह ने घटनाक्रम की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतका का नाम स्वर्णा देवी (60) है। शांति मार्ग गली नंबर-2 में 25 गज के प्लॉट पर पांच मंजिला मकान में रहती थीं। फर्स्ट फ्लोर पर उनका बेटा सुमित और बहू कंचन कपूर अपने तीन बच्चों के साथ रहते हैं। वृद्धा खुद ग्राउंड पर अकेले रहती थीं। इस बिल्डिंग के दो फ्लोर बिल्डर के पास हैं।

सुमित रात काम पर गया था। उसने ही घर लौटने पर रात लगभग 12:28 बजे पुलिस को हत्या की सूचना दी। शुरुआत में बहू ने पुलिस को बरगलाने की कोशिश की लेकिन जितनी बात घुमाई, उतना ही जांच के घेरे में आती गई। आखिरकार पुलिस ने हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। कंचन ने अपना गुनाह कबूल लिया। उससे केस से जुड़े साक्ष्य भी रिकवर हुए हैं।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि शुरुआती जांच में लग रहा है कि बहू ने आवेश में आकर सास पर लकड़ी का पटरा मारा। बहू का कहना है कि वह सास की रोज की चिकचिक से परेशान थी, उन्हें मरा जानकर डर गई। मामले को हत्या या आत्महत्या का रूप देने की कोशिश में घर में मिट्टी तेल खोजा। मिट्टी तेल नहीं मिला तो सरसों तेल डालकर आग लगाई लेकिन उससे आग नहीं लग रही थी। बार-बार बुझ रही थी। शरीर का कुछ निचला हिस्सा ही जला था। आखिरकार, पति को फोन करके कहानी बना दी कि अम्मा 10 बजे से घर से बाहर नहीं निकली हैं।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: हत्या कर बोली, '...अम्मा दरवाजा नहीं खोल रहीं'