Saturday, September 3, 2016

पूर्व आप मंत्री संदीप कुमार गिरफ्तार, रविवार को होगी कोर्ट में पेशी

दिल्ली के पूर्व मंत्री संदीप कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। संदीप कुमार को पीड़ित महिला की शिकायत के बाद गिरफ्तार किया गया। दिल्ली पुलिस के  डीसीपी के अनुसार अभी तक के सबूतों के आधार पर बाहरी दिल्ली से उनकी गिरफ्तारी की गई है। शनिवार को सीडी विवाद में पीड़ित महिला ने पुलिस स्टेशन जाकर धारा 163 के आधार पर अपना बयान दर्ज कराया था जिसके बाद पुलिस ने संदीप के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें देर रात गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब रविवार को कोर्ट में संदीप कुमार को पेश करेगी।

इससे पहले आप सरकार में मंत्री रहे संदीप कुमार के सेक्स सीडी में दिखने वाली महिला ने शनिवार को दिल्ली के सुल्तानपुरी पुलिस थाने में संदीप कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महिला ने आरोप लगाया था कि उसे कोल्ड ड्रिंक में मिलाकर कुछ पिलाया गया था। एबीपी न्यूज के मुताबिक महिला ने बताया कि घटना एक साल पहले की है। वह राशन कार्ड बनवाने गई थी। उसे कुछ ठंडा पिलाया गया था, जिसमें कुछ मिला हो सकता है। उसके बाद क्या हुआ, इस बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है। वहीं शनिवार को आम आदमी पार्टी ने सेक्स सीडी में फंसे संदीप कुमार के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उनकी सदस्यता रद्द कर दी।

महिला के संदीप कुमार पर आरोप लगाने के बाद दिल्ली के मुख्यंमत्री अरविंद केजरीवाल की भी प्रतिक्रिया आई है। केजरीवाल ने ट्वीट में लिखा- अगर महिला द्वारा लगाए गए आरोप सही हैं, तो संदीप कुमार को सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए। इससे पहले केजरीवाल ने वीडियो संदेश जारी कर सफाई पेश की थी और कहा था कि किसी के माथे पर नहीं लिखा होता कि वो कैसा है।गौरतलब है कि इससे पहले दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीट करके संदीप कुमार की सीडी सामने आने की बात कही थी। उन्‍होंने कहा कि उन्‍हें ‘संदीप कुमार से जुड़ी एक ‘आपत्तिजनक’ सीडी मिली है। आम आदमी पार्टी सार्वजनिक जीवन में शुचिता में यकीन रखती है। इससे समझौता नहीं किया जा सकता है। उन्‍हें कैबिनेट से तत्‍काल प्रभाव से हटा दिया गया है।’ संदीप दिल्‍ली सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री थे।

The post पूर्व आप मंत्री संदीप कुमार गिरफ्तार, रविवार को होगी कोर्ट में पेशी appeared first on Jansatta.


Read more: पूर्व आप मंत्री संदीप कुमार गिरफ्तार, रविवार को होगी कोर्ट में पेशी