Monday, August 1, 2016

महिलाओं से बदसलूकी रोकने को साथ आर्इं मालीवाल और मेनका

सोशल मीडिया पर महिलाओं के साथ होने वाले दुर्व्यवहार और अपराध को रोकने के लिए दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्लू) केंद्रीय महिला व बाल विकास मंत्रालय के साथ मिलकर काम करेगा। इस बारे में डीसीडब्लू की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी से 25 जुलाई को मुलाकात की थी।

डीसीडब्लू की ओर से सोशल मीडिया पर महिलाओं की ट्रोलिंग का मामला केंद्रीय मंत्रालय के सामने उठाए जाने के बाद मेनका गांधी ने स्वाति मालीवाल को पत्र लिखकर इस मुद्दे पर साथ काम करने की सहमति जताई है। आयोग के अनुसार सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग से जुड़े दिल्ली के मामलों को दिल्ली महिला आयोग देखेगा और बाकी राज्यों के मामलों को केंद्रीय महिला व बाल विकास मंत्रालय देखेगा। दिल्ली महिला आयोग ने 7 जुलाई को केंद्रीय महिला व बाल विकास मंत्रालय को लिखे पत्र में कहा था कि यह सुनिश्चित करना सरकार का दायित्व है कि महिलाएं और लड़कियां साइबर स्पेस और सोशल मीडिया का इस्तेमाल सुरक्षित तरीके से कर सकें, लेकिन यह दुखद है कि राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा इंटरनेट पुलिसिंग की दुहाई देकर केंद्रीय मंत्रालय की इस संबंध में की गई पहल को खारिज किया जाए।

स्वाति मालीवाल ने मेनका गांधी को इस संबंध में पूरा समर्थन देने की बात कही है और कहा है कि दिल्ली महिला आयोग राजधानी में इस संबंध में एक साइबर सेल बनाने की प्रक्रिया में है जो इस तरह के अपराधों को हल करने के साथ ही उन पर व्यापक अनुसंधान करेगा। आयोग ने कहा कि वह इस संबंध में ट्विटर और फेसबुक से बातचीत कर रहा है। आयोग के पत्र के जवाब में केंद्रीय महिला व बाल विकास मंत्रालय ने इस मुद्दे पर मिलकर काम करने की हामी भरी है।

The post महिलाओं से बदसलूकी रोकने को साथ आर्इं मालीवाल और मेनका appeared first on Jansatta.


Read more: महिलाओं से बदसलूकी रोकने को साथ आर्इं मालीवाल और मेनका