Friday, July 1, 2016

करप्शन पर सीएम ने बंद कर ली हैं आंखें: कांग्रेस

नई दिल्ली

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि डीएसआईआईडीसी की अनियमितताओं पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आंखें बंद की हुई हैं।

प्रदेश कांग्रेस कमिटी की मुख्य प्रवक्ता शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि दिल्ली सरकार के मंत्री और विधायक के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले सामने आने के बावजूद सीएम अपनी आखें बंद किए हुए हैं। जबकि उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ धर्मयुद्ध छेड़ा था। उन्हें दिल्ली की सत्ता में आए 17 महीने हो गए हैं और वे भ्रष्टाचार विरोधी अभियान चलाकर ही सत्ता में आए थे।

कांग्रेस ने प्राइवेट सिक्योरिटी कंपनी और दिल्ली सरकार के टूरिज्म मंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। कांग्रेस उपराज्यपाल नजीब जंग के पास जाकर डीएसआईआईडीसी में भ्रष्टाचार को लेकर जल्द कार्रवाई की मांग करेगी।

शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में शर्मिष्ठा मुखर्जी के साथ कांग्रेस के अन्य नेता मौजूद थे। पार्टी नेता चतर सिंह भी मौजूद थे। मुखर्जी ने कहा कि डीएसआईआईडीसी में सिक्योरिटी कंपनी जो गार्ड्स और हेल्पर मुहैया कराती है, उसमें एक जबरदस्त भ्रष्टाचार का मामला उजागर हुआ है। जबकि यह भ्रष्टाचार डीएसआईआईडीसी और टूरिज्म मंत्रालय की जानकारी में है। उन्होंने आरोप लगाया कि टूरिज्म मंत्री कपिल मिश्रा और प्रशासनिक अधिकारियों की सांठगांठ से यह भ्रष्टाचार हुआ और इसकी अनियमितताएं जारी हैं।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: करप्शन पर सीएम ने बंद कर ली हैं आंखें: कांग्रेस