Tuesday, December 29, 2020

Weather News: दिल्ली में फिर से लौट आई जमा देने वाली ठंड, कल चलेगी तेज शीतलहर

विशेष संवाददाता, नई दिल्ली
राजधानी में जमा देने वाली ठंड फिर से लौट आई है। मंगलवार को इस सीजन का दूसरा सबसे ठंडा दिन रहा। बर्फीली हवाओं का आलम यह रहा कि धूप में भी ठिठुरन ने लोगों का पीछा नहीं छोड़ा। हीटर, सिगड़ी, अलाव सर्दी से बचने के लिए जिसे जो मिला उसका इस्तेमाल करते दिखाई दिए। आया नगर में न्यूनतम तापमान जहां 2.6 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं जाफरपुर में अधिकतम तापमान महज 16.1 डिग्री रहा। बुधवार और गुरुवार को राजधानी में शीतलहर का प्रकोप और बढ़ेगा। वहीं साल के अंतिम दिन घना कोहरा भी छा सकता है।


मंगलवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 18.1 डिग्री रहा। यह सामान्य से दो डिग्री कम है। पालम में अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री तक सिमट गया। राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम महज 3.6 डिग्री पर सिमट गया। लोदी रोड में यह 2.7 और जाफरपुर में 3.1 डिग्री रहा।


मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री पर सिमट सकता है। इसके बाद 31 दिसंबर को भी शीतलहर अपने चरम पर रहेगी। न्यूनतम तापमान महज 2 से 3 डिग्री पर सिमट सकता है। जबकि अधिकतम भी 18 से 19 डिग्री के बीच रहेगा। 1 जनवरी यानी 2021 का पहले दिन राजधानी के कुछ हिस्सों को शीतलहर से दिन के समय राहत मिल सकती है। अधिकतम तापमान 21 डिग्री के आसपास रह सकता है। जबकि 2 जनवरी को आंशिक तौर पर बादल छा सकते हैं। 3 और 4 जनवरी को हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना बनी हुई है। 2 व 3 जनवरी को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में इजाफा होगा। न्यूनतम तापमान जहां बढ़कर 7 से 8 डिग्री हो जाएगा, वहीं अधिकतम तापमान भी 22 से 23 डिग्री के आसपास रहेगा।



मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: Weather News: दिल्ली में फिर से लौट आई जमा देने वाली ठंड, कल चलेगी तेज शीतलहर