Sunday, December 27, 2020

त्रिलोकपुरी में पत्थरबाजी और गोलीबारी, एक की मौत, 13 जख्मी

विशेष संवाददाता, नई दिल्ली
त्रिलोकपुरी में शनिवार देर रात दो गुटों में फायरिंग और पत्थरबाजी हुई। इसमें एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई, जिसकी पहचान शाहिद के रूप में हुई है। इस घटना में 13 लोग जख्मी हो गए। घायलों में दो नाबालिग और महिलाएं भी शामिल हैं। मृतक के परिजनों ने झगड़े की वजह सट्टेबाजी का विरोध करना बताया है। पुलिस का दावा है कि पुरानी रंजिश की वजह से दोनों परिवारों में तनाव ने हिंसक रूप लिया। पुलिस ने एक गुट के सरगना समेत दो आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है। इनकी पहचान मन्नान (35) और सलमान (30) के रूप में हुई है। इनसे वारदात में इस्तेमाल देसी कट्टा भी बरामद कर ली गई है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। फिलहाल पूरे इलाके में तनाव बना हुआ है।

पुलिस आशंका जता रही है कि दोनों ओर से ही फायरिंग हुई। मयूर विहार थाना पुलिस हत्या, जानलेवा हमला, ऑर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। पुलिस अफसरों ने बताया कि मृतक शाहिद के माता-पिता और भाई त्रिलोकपुरी के 27 ब्लॉक में रहते हैं। वह खुद 30 ब्लॉक में रहते थे। शाहिद के माता-पिता के मकान के पास मन्नान की मीट की दुकान है। मन्नान का भाई आसिफ और कारीगर यहां बैठते हैं। आरोप है कि शनिवार दिन में शाहिद के भाई मोहसिन से मन्नान के यहां काम करने वाले लड़के काले की कहासुनी हो गई। मोहसिन ने काले को थप्पड़ मार दिया।

मन्नान के भाई आसिफ ने इसका विरोध किया। इससे विवाद बढ़ गया तो मोहसिन ने फोन कर अपने भाई शाहिद को बुला लिया। आरोप है कि शाहिद ने आसिफ को पीटा और उसकी मोटरसाइकल तोड़ डाली। मन्नान ने शाहिद को ‌फोन किया तो दोनों के बीच गाली-गलौज हुई। इससे दोनों परिवारों के बीच दिन में ही तनाव हो गया। आरोप है कि देर रात मन्नान अपने दोस्तों के साथ शाहिद के माता-पिता के घर के पास पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। इधर शाहिद को पता चला तो वह भी वहां पहुंच गया। दोनों पक्षों में हाथापाई होने लगी। थोड़ी देर में दोनों तरफ से पथराव होने लगा।

आरोप है कि बाद में मन्नान, जावेद और सलमान ने गोलियां चला दीं। शाहिद और उसके रिश्तेदार फैजान को गोलियां लगीं, जबकि कई लोगों को गोली के छर्रे लगे। इससे अफरा-तफरी मच गई। पुलिस अफसरों का दावा है कि शाहिद की ओर से भी गोली चली। हमले में शाहिद की मां, बहन, दो नाबालिग समेत कुल 13 लोग जख्मी हुए। घायलों को एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां फैजान (24) का इलाज जारी है। बाकी को छुट्टी दे दी गई। मन्नान के खिलाफ पहले से सात मामले दर्ज हैं।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: त्रिलोकपुरी में पत्थरबाजी और गोलीबारी, एक की मौत, 13 जख्मी