Tuesday, February 4, 2020

केजरीवाल ने बीजेपी को दी सीएम कैंडिडेट की चुनौती

नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में 8 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने की भारतीय जनता पार्टी (BJP) को मंगलवार को चुनौती दी और कहा कि वह उस मुख्यमंत्री उम्मीदवार से बहस करने के लिए तैयार हैं। AAP का घोषणा-पत्र जारी करने के बाद केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सरकार चुनती है।

केजरीवाल ने कहा, 'अमित शाह कह रहे हैं कि लोगों को BJP को वोट देना चाहिए और वह चुनाव के बाद मुख्यमंत्री चुनेंगे। एक लोकतंत्र में जनता ही मुख्यमंत्री चुनती है। शाह मुख्यमंत्री नहीं चुन सकते।' केजरीवाल ने कहा कि वह चाहते हैं कि बीजेपी अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम घोषित करे, जिसके साथ वह बहस करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में बहस महत्वपूर्ण है।

पढ़ें: केजरीवाल के वादे, स्कूलों में पढ़ाएंगे देशप्रेम

AAP के मुखिया ने कहा, 'मैं BJP को इसके लिए बुधवार अपराह्न एक बजे तक का समय देता हूं।' उन्होंने कहा कि लोगों को पता होना चाहिए कि अगर बीजेपी सत्ता में आती है तो मुख्यमंत्री कौन बनेगा। उन्होंने कहा, 'अगर BJP ने दिल्ली के लिए अशिक्षित मुख्यमंत्री नियुक्त कर दिया तो यह दिल्ली की जनता के साथ धोखा होगा।'

केजरीवाल ने कहा कि वह अपने नाम पर वोट मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि AAP को मिलने वाला हर वोट केजरीवाल को जाएगा। उन्होंने कहा, 'जनता जानना चाहती है कि BJP को दिया गया वोट कहां जाएगा। जनता पूछ रही है कि BJP का चेहरा कौन होगा।' घोषणा-पत्र के बारे में केजरीवाल ने कहा कि पिछले 5 सालों में उन्होंने अपना समय मूलभूत संरचना को बेहतर करने में बिताया है। उन्होंने कहा, 'हम दिल्ली को 21वीं सदी का शहर बनाना चाहते हैं। हम यह अकेले नहीं कर सकते, बल्कि हमें इसके लिए 2 करोड़ लोगों की जरूरत है।' उन्होंने कहा, 'घोषणा-पत्र में व्यापार, मजदूर, महिला, सिख, युवा और वरिष्ठ नागरिकों समेत हर वर्ग की बात है। हमने सभी वर्गों की मांगों पर विचार किया है।'

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: केजरीवाल ने बीजेपी को दी सीएम कैंडिडेट की चुनौती