Thursday, November 28, 2019

पिंक स्कूटी पर सवार होकर महिलाओं को सुरक्षा देगी पुलिस

नई दिल्ली
महिलाओं को सुरक्षा देने के लिए दिल्ली पुलिस ने नई पहल की है। राजधानी के उत्तर-पूर्वी जिले में महिला पुलिस की खास पट्रोलिंग टीम को महिलाओं की सुरक्षा के लिए गुलाबी रंग की स्कूटी और इसी रंग के हेल्मेट गश्त करने के लिए दिए गए हैं। महिला पुलिसकर्मियों की टीम को गुलाबी स्कूटी और गुलाबी हेल्मेट खास वजह से दिए गए हैं ताकि सड़क पर उनकी उपस्थिति दिख सके और अपराधों के खिलाफ महिलाएं अपनी बात इन तक सहजता से पहुंचा सकें।

पुलिस का मानना है कि पुलिस के इन वाहनों (स्कूटी) का रंग बदलने से महिलाएं उन्हें शिकायत देने में हिचकिचाएंगी नहीं और वे अपनी समस्याएं आराम से बता पाएंगी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, 'हम महिलाओं की हर समस्या का समाधान करने की कोशिश करेंगे और उन्हें भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराएंगे।'

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गलियों में पुलिस की गश्त बढ़ने के चलते अब स्ट्रीट क्राइम में कमी दर्ज की जा रही है। इस मुहिम में हम अब महिला पुलिसकर्मियों को हथियार, स्प्रे और चिली पाउडर भी दे रहे हैं। इसके अलावा पुलिस अधिकारियों को कैमरा भी दिए गए हैं।
उत्तर पूर्वी जिले में पुलिस ने 16 महिला सिपाहियों की यह खास पट्रोलिंग टीम बनाई है। इन महिला सिपाहियों को गुलाबी रंग की 8 स्कूटी दी गई हैं। ये खास पट्रोलिंग टीमें सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक और शाम 5 बजे से 7 बजे तक पट्रोलिंग करेंगी।
एक महिला सिपाही ने कहा, 'इस मुहिम के पीछे गुलाबी रंग को चुनने का मकसद यही था कि यह रंग महिलाओं का कॉन्फिडेंस बढ़ाता है, जिससे वे बिना किसी हिचकिचाहट के हमसे संपर्क कर सकें। महिलाएं हमें देखकर खुश होती हैं। इस मुहिम के बाद पुलिस-पब्लिक के संपर्क में बढ़ोतरी हुई है। हमें चिली पाउडर, खुफिया कैमरा, मिर्च स्प्रे और हथियार भी दिए गए हैं।'

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: पिंक स्कूटी पर सवार होकर महिलाओं को सुरक्षा देगी पुलिस