Friday, October 25, 2019

भद्दे कमेंट के आरोप से बरी हुए तिलक नगर के सर्वजीत

नई दिल्ली
साल 2015 में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक विडियो से 'विलन' बनकर सामने आए युवक को अदालत ने सभी आरोपों से बरी कर दिया है। युवक का नाम सर्वजीत सिंह है, वही जिस पर एक लड़की ने तिलक नगर के ट्रैफिक सिग्नल पर भद्दे कमेंट करने का आरोप लगाया था। लड़की ने ये आरोप फेसबुक पर किए गए अपने एक पोस्ट में लगाए। उसने घटना से जुड़ा एक विडियो भी पोस्ट किया था, जिसके वायरल होने से सर्वजीत रातों रात शहर का सबसे बदतमीज लड़का कहलाने लग गया।

सिंह के मामले में बरी होने का पता भी सोशल मीडिया से चला। उसने ट्विटर के जरिए अपनी ये खुशी जाहिर की। उसने बताया कि 11 अक्टूबर को अदालत ने फैसला सुनाया और अदालत ने उसे सभी आरोपों से बरी कर दिया है। लड़की के बयानों में अंतर पाते हुए अदालत ने उसके पक्ष में यह फैसला सुनाया।

सर्वजीत सिंह और जसलीन कौर(शिकायतकर्ता) 23 अगस्त, 2015 को तिलक नगर ट्रैफिक सिग्नल पर मिले थे। कौर ने सिंह की तस्वीर के साथ अपने फेसबुक पर एक पोस्ट लिखा। पोस्ट में लिखा था, 'इस आदमी ने रात के तकरीबन आठ बजे तिलक नगर के अग्रवाल स्वीट्स के पास मुझ पर भद्दे कमेंट्स किए।' केस जब शुरू हुआ तो काफी सुनवाइयों में तो लड़की नहीं आई। बताया गया कि लड़की कनाडा में थी। पिछले साल दिसंबर में उसने अपना बयान अदालत में दर्ज कराया था।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: भद्दे कमेंट के आरोप से बरी हुए तिलक नगर के सर्वजीत