Monday, September 30, 2019

शुक्रिया बोलने के लिए पैर छुए, फिर छीन ले गए चेन

नई दिल्ली
किसी की मदद करना भी कितना खतरनाक साबित हो सकता है। इसका जीता-जागता उदाहरण नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में देखने को मिला। जहां दो बुजुर्ग महिलाओं के पास दो लड़के पहुंचे। इनमें से एक के हाथ से खून बह रहा था। इन्होंने सीनियर सिटिजन महिला से कहा कि उसके हाथ में चोट लग गई है। कुछ मलहम पट्टी हो तो दे दो। बुजुर्ग महिला ने घर से हल्दी लाकर बदमाशों को दे दी।

बदमाश ने उसे अपने हाथ पर लगाया और चले गए। लेकिन इस दौरान उन बदमाशों ने यह देख लिया कि दो महिलाओं में से 60 साल की एक महिला ने गले में सोने की मोटी चेन पहन रखी थी। कुछ देर बाद वह फिर से वहां आए और महिलाओं का धन्यवाद अदा करने के लिए उनके पैर छुए। इसी बीच एक महिला के गले से वह सोने की चेन तोड़कर भाग गए।

घटना शनिवार दिन की है। पीड़ित बुजुर्ग महिला का नाम प्रकाशी (60) है। वह शाहदरा की रहने वाली हैं। शनिवार को वह अपनी मौसेरी बहन के घर ज्योति नगर आई थीं। दोनों बहनें घर के बाहर चारपाई पर बैठी हुई थीं, तभी उनके पास यह दो बदमाश आए थे। इलाज मिलने के दौरान यह दोनों वहीं बैठे रहे थे। इस दौरान इन्होंने घर और आसपास यह रेकी कि यहां कितने आदमी है। जब उन्हें यह लग गया कि यहां महिलाओं के अलावा कोई और नहीं है तो कुछ देर बाद आने के बाद उन्होंने वारदात को अंजाम दे दिया। इसके बाद बाइक से भाग गए।

दूसरी ओर, डीसीपी वेद प्रकाश सूर्या का कहना है कि पट्रोलिंग के दौरान दो लुटेरों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास एक देसी तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। साथ ही पांच सोने की चेन भी इनसे मिली हैं, जो इन्होंने लोगों की तोड़ी थी। पुलिस ने दावा किया है कि यह दोनों वही बदमाश है। जिन्होंने बुजुर्ग महिला प्रकाशी की भी चेन तोड़ी थी। गिरफ्तार मुलजिमों में लोनी का नाजिम और अकरम उर्फ नाजिश (51) हैं।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: शुक्रिया बोलने के लिए पैर छुए, फिर छीन ले गए चेन