Wednesday, January 2, 2019

पूर्व विधायक की पत्नी भी हो सकती हैं गिरफ्तार?

फतेहपुर बेरी
मांडी गांव के फार्महाउस में पार्टी के दौरान डांस फ्लोर पर हवाई फायरिंग में मौत मामले में जेडीयू के पूर्व विधायक राजू सिंह को अरेस्ट कर लिया गया है। मृतक अर्चना के सिर में गोली लगी थी। डांस फ्लोर पर बहे खून को साफ करने में आरोपी पूर्व विधायक राजू सिंह की पत्नी भी थीं। उन्हें भी पुलिस सबूत मिटाने के आरोप में पकड़ सकती है। हालांकि, पुलिस ने यह साफ नहीं किया है कि इस मामले में किस-किस को गिरफ्तार किया जाएगा। इस केस में 2-5 लोगों को गिरफ्तार किया जा सकता है।

दो राइफल और कारतूस मिले फॉर्म हाउस से
घटना के बाद साउथ दिल्ली पुलिस ने फार्महाउस की तलाशी ली थी। इसमें दो राइफल और भारी संख्या में कारतूस मिले थे। इनमें 750 कारतूस राइफल के और 70 कारतूस पिस्टल-रिवॉल्वर के हैं। इनकी जांच की जा रही है कि क्या ये सब लाइसेंसी हैं। पूर्व विधायक राजू को शूटिंग करने का शौक है। पुलिस फार्महाउस की एक बार फिर से तलाशी ले सकती है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि पार्टी वाली रात फार्महाउस में करीब 70 लोग थे। इनमें से कुछ दोस्त मॉस्को और अमेरिका से आए थे। अर्चना और उनके पति विकास को भी बुलाया गया था। पूर्व विधायक के साथ विकास पिछले तीन साल से बिजनेस करते हैं।

पढ़ें: हवाई फायरिंग के आरोपी बिहार के पूर्व MLA गिरफ्तार

कुछ लोगों ने बनाया था विडियो

सूत्रों का कहना है कि मामले में महिला को गोली लगने के बाद पार्टी में शामिल कुछ लोगों ने विडियो बनाया था। आरोप है कि इनके मोबाइल फोन से इन तमाम विडियो को धमकाकर डिलीट करा दिया गया। पूर्व विधायक को पकड़ा गया तो इनके एक खास आदमी ने यह कहते हुए इस पूरी वारदात को अपने सिर लेने की बात कही कि यह गोली उसने चलाई थी। पार्टी में कुछ और लोगों से बात की गई तो यह साफ हो गया कि गोली दो लोगों ने चलाई थी।

पुलिस ने 55 लोगों से पूछताछ की। फतेहपुर बेरी थाना पुलिस ने इस मामले में एक और आदमी को हिरासत में लिया है। उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। अगर मामले में उसका सीधे तौर पर शामिल होना पाया गया तो उसे गिरफ्तार किया जा सकता है।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: पूर्व विधायक की पत्नी भी हो सकती हैं गिरफ्तार?