Thursday, December 27, 2018

कोहरे की मार, 3-3 घंटे देर से चल रहीं ट्रेनें, उड़ानें भी लेट

नई दिल्ली
दिल्ली में शुक्रवार सुबह की शुरुआत कड़ाके की ठंड और शीतलहर के साथ हुई। कई जगहों पर कोहरा छाया रहा, जिसकी वजह से रेल और हवाई यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई ट्रेनें और उड़ाने देरी से चल रही हैं।

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, कोहरे के कारण करीब 14 ट्रेनें 3-3 घंटे की देरी से चल रही हैं, इनमें बरौनी-नई दिल्ली वैशाली एक्सप्रेस, महाबोधी एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस और शिव गंगा एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें प्रमुख हैं। कई उड़ानें भी देरी से चल रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश , चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर में अगले दो दिनों तक शीत लहर का कहर रहेगा और शनिवार को दिल्ली का तापमान 3 डिग्री तक पहुंच सकता है।

आज न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से दो डिग्री नीचे पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता का स्तर 91 प्रतिशत दर्ज किया गया। कोहरे की वजह से मौसम विज्ञानियों ने धुंध की आशंका के साथ दिन भर आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, शनिवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो 2014 के बाद से शहर में दिसंबर का सबसे सर्द दिन रहा। अधिकतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: कोहरे की मार, 3-3 घंटे देर से चल रहीं ट्रेनें, उड़ानें भी लेट