Wednesday, October 31, 2018

महिलाओं को भाया हवाई सफर, पुरुषों को पछाड़ा

नई दिल्ली
हवाई सफर करनेवाले 16 से 35 साल की उम्र के लोगों में महिलाएं आगे हैं। इस आयु वर्ग में पुरुषों के मुकाबले कहीं ज्यादा महिलाएं हवाई यात्रा कर रही हैं। वहीं, सबसे ज्यादा हवाई सफर 26 से 35 साल के लोग करते हैं। यह जानकारी डायल की ओर से आईजीआई एयरपोर्ट पर कराए गए सर्वे से सामने आई है।

सर्वे को नैशनल काउंसिल ऑफ अप्लाइड इकॉनामिक रिसर्च ने कराया था। इसके प्रोजेक्ट लीडर रहे डॉ कन्हैया सिंह का कहना है कि 2016 में कराए गए इस सर्वे में महिलाओं और पुरुषों की यात्रा में बड़े स्तर पर बदलाव महसूस किया गया है। यही ट्रेंड अभी भी चल रहा है। सामने आया है कि सिर्फ 26 से 35 साल की उम्र में ही नहीं, बल्कि 16 से 25 साल के आयु वर्ग में भी महिलाओं ने ज्यादा फ्लाइट्स पकड़ीं। हालांकि, इसके बाद वाले आयु वर्ग में अधिकतर पुरुष यात्री सफर करनेवाले थे। सर्वे के मुताबिक, हवाई यात्रा करनेवालों में सबसे ज्यादा 26 से 45 साल की उम्र के लोग हैं। 65 साल और उससे अधिक उम्र वाले बहुत कम लोग सफर करते मिले। इनमें भी महिला बुजुर्ग यात्री, पुरुष यात्रियों से अधिक यात्रा करती देखी गईं।

प्लेन में चढ़ने वाले आधे ग्रेजुएट
यात्रियों की ऐज के अलावा उनकी पढ़ाई-लिखाई का भी सर्वे कराया गया था। इसमें सामने आया है कि हवाई यात्रा करनेवालों में सबसे अधिक 45 फीसदी ग्रेजुएट हैं, जबकि 26 फीसदी पोस्ट ग्रेजुएट। अनपढ़ हवाई यात्रियों में महिलाओं-पुरुषों की संख्या बराबर है। हायर डिग्री वाले एयर यात्रियों का प्रतिशत 12 है। इनमें महिलाओं के मुकाबले पुरुष ज्यादा हैं।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: महिलाओं को भाया हवाई सफर, पुरुषों को पछाड़ा