Saturday, September 29, 2018

लूट कर भागे बदमाशों के पीछे दौड़ा, हत्या

अवनीश चौधरी, नई दिल्ली
आनंद विहार में वही हुआ, जिसका खौफ लगातार बढ़ रहा था। पिस्टल के बल पर लूटपाट की ताबड़तोड़ वारदात के चलते बीती रात एक बेकसूर युवक की हत्या हो गई। जागृति एन्क्लेव के पास 8 लाख रुपये लूटकर भाग रहे बाइक सवार बदमाशों ने मोहित नामक युवक को गोली मार दी। मोहित की मौके पर मौत हो गई। सुबह की सूचना के मुताबिक, रात भर की तफ्तीश के बावजूद पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। उस रूट के करीब 15 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकाली गई हैं, जिन्हें आज खंगाला जा रहा है।

बता दें कि आनंद विहार में बाइक सवार हथियारबंद लुटेरे दो महीने में पिस्टल के बल पर लूटपाट की 10 से ज्यादा वारदात कर चुके हैं। पहले भी कुछ वारदात में गोलियां चलीं। लोग घायल हुए। उसके बाद भी पुलिस बदमाशों पर लगाम नहीं कस सकी। कुछ दिन पहले जब डिस्ट्रिक्ट की डीसीपी व अन्य वरिष्ठ अधिकारी खुद बाइक पर पट्रोलिंग करने निकले, ठीक तभी तीन बदमाशों ने क्रॉस रिवर मॉल के पास कार सवार दंपति को पिस्टल के बल पर लूट लिया।

इस वारदात से सनसनी फैल गई। पुलिस की सतर्कता पर सवाल उठे। ये अलग बात है कि पुलिस फिर भी उतनी ही 'सतर्क' हुई, जितनी दिखने भर की होती है। उसी की कीमत 22 साल के मोहित को जान देकर चुकानी पड़ी। बता दें कि बदमाशों ने सुरेंद्र नामक कंपनी कर्मचारी से 8 लाख रुपये लूटे थे। भागते समय ट्रैफिक जाम में फंसने लगे तो जगतपुरी निवासी मोहित ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की। बदमाश उसे गोली मारकर भाग गए।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: लूट कर भागे बदमाशों के पीछे दौड़ा, हत्या