Thursday, March 29, 2018

यमुनापार में कई जगहों पर ताबड़तोड़ लूटपाट

नई दिल्ली
दिल्ली के यमुनापार क्षेत्र केअलग-अलग इलाकों में बीते 24 घंटों में लूटपाट की ताबड़तोड़ वारदातें सामने आई हैं। ज्यादातर जगहों पर बदमाशों ने दिनदहाड़े और सरेराह हथियारों के बल पर लूटपाट को अंजाम दिया है। पुलिस ने कुछ केस दर्ज कर लिए हैं। पीड़ित लोगों का आरोप है कि पुलिस न बदमाशों पर लगाम लगाने में सक्षम है, न ही सुराग। केस दर्ज करके खानापूर्ति कर दी है।

इंजिनियर पर पिस्टल तानकर लूटपाट
गोकलपुरी में देर रात घर लौट रहे एक इंजिनियर को रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने घेर लिया। पिस्टल तानकर गोल्ड चेन, दो मोबाइल और लैपटॉप बैग लूटकर फरार हो गए। वारदात से पीड़ित इंजीनियर दहशत में हैं। वारदात के समय जान का खतरा हो गया था। घटना ब्रिजपुरी निवासी अंकुर सोलंकी (29) के साथ हुई। वह नोएडा की एक कंपनी में इंजीनियर हैं। 28 मार्च की रात पीतमपुरा से एक पार्टी अटेंड करके घर लौट रहे थे। उनके एक दोस्त ने उन्हें अपनी कार से वजीराबाद रोड पर उतार दिया था। वहां से पैदल घर की तरफ जा रहे थे। रात करीब 1:30 बजे ब्रिजपुरी की ट्रांसफार्मर वाली गली में बाइक सवार तीन लड़कों ने पिस्टल तानकर लूट लिया।

जीटीबी एन्कलेव में चाकू की नोक पर लूटपाट
जीटीबी एन्कलेव में बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे एक युवक से दो बदमाशों ने चाकू की नोक पर पांच हजार रुपये और दो मोबाइल फोन लूट लिए। दोनों बदमाश दिनदहाड़े चाकू लहराते फरार हो गए। वारदात जीटीबी एंक्लेव के पॉकेट ई-निवासी मानव वर्मा के साथ हुई। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

श्यामलाल कॉलेज के बाहर दिनदहाड़े स्नैचिंग

श्यामलाल कॉलेज के बस स्टॉप पर कल सुबह एक युवती से बाइक सवार दो बदमाशों ने गोल्ड चेन छीन ली। वारदात सुबह लगभग 10 बजे नवीन शाहदरा निवासी पूनम के साथ हुई।

मानसरोवर पार्क में सरेशाम युवती को टारगेट किया
मानसरोवर पार्क थानाक्षेत्र में बुधवार शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने राह चलती एक युवती को धक्का देकर मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। वारदात ईस्ट राम नगर निवासी रूपाली के साथ हुई। वह शाम करीब साढ़े 7 बजे घर से साइबर कैफे की तरफ जा रही थीं, उसी समय बदमाशों ने टारगेट किया।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: यमुनापार में कई जगहों पर ताबड़तोड़ लूटपाट