अखिलेश चंद्र, नई दिल्ली
चिड़ियाघर में ईद पर विजिटर्स ने नया रेकॉर्ड बनाया। सोमवार को 29,847 लोग चिड़ियाघर घूमने आए, जो एक रेकॉर्ड है। रविवार को भी बड़ी तादाद में विजिटर्स आए थे। इससे पहले का रेकॉर्ड करीब 26 हजार विजिटर्स का था।
चिड़ियाघर के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ईद और उससे पहले लगातार दो दिनों की छुट्टियों की वजह से लोगों ने ज़ू का रुख किया। रविवार को 25,959 विजिटर्स आए, जबकि शनिवार को 13,805 लोग आए थे।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को भी लोगों का चिड़ियाघर आने का सिलसिला जारी रहा और 20 हजार से ज्यादा लोग यहां आए। ये सारे आंकड़े काउंटर से कटे टिकट के हैं। अधिकारी ने बताया कि चिड़ियाघर में इससे ज्यादा लोग आए, क्योंकि 5 साल तक के बच्चों का टिकट नहीं लगता। बच्चे ही चिड़ियाघर की जान हैं।
अधिकारी ने बताया कि वीकेंड और ईद पर लोगों को हुजूम को संभालने के लिए तैयारियां की गई थीं। हालांकि, इतनी भीड़ को मैनेज करना किसी चैलेंज से कम नहीं था। सीमित संसाधनों में चिड़ियाघर प्रशासन ने रेकॉर्ड भीड़ को मैनेज किया और लोगों कोई दिक्कत नहीं आई।
उन्होंने बताया कि चिड़ियाघर लोगों को अपनी ओर खींचता है। खासकर बच्चों को जानवर दिखाने के लिए लोग आते हैं। दिल्ली में इस सीजन का जिस दिन सबसे ज्यादा टेंपरेचर था उस दिन भी 7 हजार लोग यहां आए थे। चिड़ियाघर की ग्रीनरी भी जानवरों के साथ-साथ लोगों को आकर्षित करती है।
अधिकारी ने बताया कि लोगों को सुविधा हो इसके लिए कई चीजें सुधारने की जरूरत है। इसमें पार्किंग भी शामिल है। कई सालों से इन्फ्रास्ट्रक्चर में बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन विजिटर्स लगातार बढ़ रहे हैं। कई बार मैनपावर की कमी भी सामने आती है। विजिटर्स को कोई दिक्कत न हो, इसलिए इन्फ्रास्ट्रक्चर और मैनपावर बढ़ाने की जरूरत है। बावजूद इसके चिड़ियाघर प्रशासन ने लोगों की रेकॉर्ड भीड़ को अपनी तैयारियों से संभाला। चिड़ियाघर में आमतौर पर वीक डेज में 5-10 हजार और वीकेंड में 15-16 हजार विजिटर्स आते हैं।
मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।
Read more: ईद पर सबसे ज्यादा विजिटर्स पहुंचे ज़ू