Wednesday, March 1, 2017

दलितों की 'अनदेखी' पर कांग्रेस निकालेगी मार्च

नई दिल्ली
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष अजय माकन ने कहा है कि जब से दिल्ली की सत्ता कांग्रेस ने छोड़ी है उसके बाद से दिल्ली के दलित वर्ग के साथ अनदेखी हो रही है। उन्होंने कहा कि उनका दल दलित न्याय मार्च निकालेगा। MCD के 46 आरक्षित वॉर्डों में बुधवार सुबह 9 बजे मंगोलपुरी से इस मार्च की शुरुआत होगी। यह मार्च अगले 10 से 12 दिनों तक चलेगी। यात्रा के दौरान पर्चे बांटे जाएंगे, जिसके जरिए आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार और बीजेपी की MCD सरकार द्वारा दलितों की अनदेखी को सबके सामने लाया जाएगा।

अजय माकन ने कहा कि दिल्ली सरकार और MCD के कार्यकाल में दिल्ली के दलित वर्ग को सबसे ज्यादा परेशानियां झेलनी पड़ी हैं। MCD के सफाई कर्मचारियों को अपना वेतन और एरियर लेने के लिए पांच-पांच बार हड़ताल पर जाना पड़ा। दिल्ली सरकार ने निगम में सफाई कर्मचारियों की नई भर्ती और अस्थाई कर्मचारियों को नियमित करने पर भी पांबदी लगा रखी है। दिल्ली सरकार के इस तुगलकी फैसले से सबसे ज्यादा दलित वर्ग प्रभावित हुआ है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एससी/एसटी/ओबीसी के कॉलेज जाने वाले 13898 छात्रों को 2014-15 में वजीफा दिया गया था, वहीं यह वजीफा घटकर आप के शासनकाल 2015-16 में केवल 8361 छात्रों को दिया गया। इस वर्ग के 5537 छात्रों को पढ़ाई करने के लिए वजीफा नहीं मिल पाया।

माकन ने आगे कहा कि साल 2013-2014 में पहली से बारहवीं कक्षा के एससी/एसटी/ओबीसी के 7.03 लाख छात्रों को वजीफा दिया गया था। यह वजीफा आप के कार्यकाल 2015-16 में घटकर 6.79 लाख छात्रों को दिया गया। माकन ने कहा कि पिछले 6 महीने से दिल्ली सरकार में कोई भी ऐसा मंत्री नहीं है, जो दलित वर्ग का प्रतिनिधित्व करता हो।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: दलितों की 'अनदेखी' पर कांग्रेस निकालेगी मार्च