Friday, March 31, 2017

कमरे में मृत मिलीं नॉर्थ ईस्ट की 2 लड़कियां

मुनीरका
नॉर्थ-ईस्ट की रहने वाली दो लड़कियां अपने दोस्त के रूम में मृत मिली। कमरा अंदर से बंद था। शुरुआती तहकीकात में जानकारी मिली है कि दोनों की मौत ड्रग्स की ओवरडोज से हुई है। उनके पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल बोर्ड बनवाया जा रहा है। यह घटना शुक्रवार सुबह 9:20 बजे साउथ दिल्ली के मुनीरका में हुई। मूल रूप से नॉर्थ-ईस्ट के निवासी जेनी यहां किराए पर रहते हैं। वह कॉल सेंटर में नौकरी करते हैं। सुबह जेनी और उनका कजन लियानखानमंग दो अचेत लड़कियों को लेकर सफदरजंग अस्पताल की इमरजेंसी में आए थे।

डॉक्टरों ने चेकअप के बाद बताया कि दोनों लड़कियों की मौत हो चुकी है। अस्पताल से पुलिस को खबर दी गई। अडिशनल डीसीपी साउथ चिन्मय बिस्वाल ने बताया कि मृतक लड़कियों के नाम क्लारा और राकिल थे। दोनों की उम्र 22 साल थी। दोनों लड़कियां दोस्त थी। दोनों मिजोरम की मूल निवासी थी। क्लारा मुनीरका में किराए पर रहती थी। पहले उसने कुछ छोटे-मोटे जॉब किए थे, लेकिन इन दिनों वह बेरोजगार थी। राकिल क्लारा की दोस्त थी। वह लखनऊ में रहती थी और बुधवार को लखनऊ से क्लारा से मिलने दिल्ली आई थी।

जेनी ने पुलिस को बताया कि क्लारा से उसकी दोस्ती थी। उसने बताया कि गुरुवार शाम 6 बजे क्लारा और राकिल उसके रूम पर आई थी। उसने यह भी बताया कि दोनों लड़कियों ने उसके रूम पर ड्रग्स ली थी। जेनी रात में कॉल सेंटर में अपनी ड्यूटी पर चला गया और नशे में दोनों लड़कियों ने उसके कमरे पर ही सोने का फैसला किया था।

सुबह जेनी वापस आया तो कई बार खटखटाने के बावजूद लड़कियों ने अंदर से गेट नहीं खोला। जेनी ने अपने कजन लियान को बुलाया। दोनों ने किसी तरह गेट खोला, तो दोनों लड़कियां अचेत पड़ी हुई थी। जेनी और लियान दोनों को सफदरजंग अस्पताल ले गए। अडिशनल डीसीपी साउथ ने बताया कि शुरुआती तहकीकात में दोनों लड़कियों की मौत ड्रग्स की ओवरडोज से लग रही है। पुलिस ने अस्पताल के एमएस से पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल बोर्ड बनाने के लिए कहा है। उसकी रिपोर्ट से मौत की वजह की पुष्टि हो सकती है। फिलहाल पुलिस बयान दर्ज कर रही है।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: कमरे में मृत मिलीं नॉर्थ ईस्ट की 2 लड़कियां