Tuesday, January 3, 2017

आने वाले दिनों में बारिश बढ़ा सकती है ठंड

नई दिल्ली
दिल्ली में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बिल्कुल बदलने वाला है। मौसम वैज्ञानिकों ने कहा कि कड़कड़ाती सर्दी एक बार फिर दिल्ली में दस्तक देने जा रही है। 6 और 7 जनवरी के दिन बारिश भी होने की संभावना है। जिससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज हो सकती है। न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री तक गिर सकता है। अभी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस तक बना हुआ है।

दोपहर में भी अधिकतम तापमान में गिरावट हो सकती है। अभी दिल्ली में 23 से 24 डिग्री तक तापमान दर्ज हो रहा है। खुशनुमा और गुनगुनी धूप निकल रही है। लेकिन तीन दिनों बाद मौसम में बदलाव आएगा। जिससे अधिकतम तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

स्काइमेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने कहा कि नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस ने पहाड़ी इलाकों में दस्तक दे दी है। जिससे पहाड़ी इलाकों में इस सीजन में काफी अच्छी बर्फबारी हुई है। इस वजह से उत्तर की दिशा से ठंडी नमी वाली हवाएं दिल्ली की तरफ पहुंचेंगी। जिससे मौसम का मिजाज बदलेगा और तापमान गिरने की उम्मीद है। 6 और 7 जनवरी को कभी भी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने अपने बुलेटिन में कहा कि बुधवार को घना कोहरा छाने की उम्मीद है। इस दौरान अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहने का अनुमान है। मंगलवार को अधिकतम तापमान नॉर्मल से 4 डिग्री ज्यादा के साथ 24 डिग्री दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान नॉर्मल से 2 डिग्री ज्यादा के साथ 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवा में अधिकतम नमी का स्तर 100 पर्सेंट दर्ज हुआ।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: आने वाले दिनों में बारिश बढ़ा सकती है ठंड