Friday, December 30, 2016

पोते की सगाई के लिए चौटाला को परोल

नई दिल्ली
दिल्ली हाई कोर्ट ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला को तीन जनवरी तक के लिए परोल दे दी है। उन्हें उनके पोते और सांसद दुष्यंत चौटाला की सगाई में शामिल होने के लिए परोल मिली है। 4 जनवरी को उन्हें जेल में आत्मसमर्पण करना होगा। चौटाला शिक्षक भर्ती घोटाले में 10 साल की जेल की सजा काट रहे हैं।

इंडियन नैशनल लोकदल के 82 वर्षीय नेता ने 2 और 3 जनवरी 2017 को अपने पोते के सगाई कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अर्जी दाखिल की थी। उनकी अर्जी पर दिल्ली हाई कोर्ट ने दिल्ली सरकार से रिपोर्ट दाखिल करने को कहा था। चौटाला ने कहा था कि जब भी उन्हें परोल मिली उन्होंने सारे नियमों का पालन किया।

इसके पहले चौटाला ने मेडिकल हालात के आधार पर छह महीने की परोल मांगी थी, जिसे खारिज कर दिया था। जेबीटी शिक्षक भर्ती घोटाले में ओम प्रकाश चौटाला के अलावा उनके बेटे अजय चौटाला को भी विशेष अदालत ने सजा सुनाई है। उनके पोते दुष्यंत की सगाई गुड़गांव में होनी है।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: पोते की सगाई के लिए चौटाला को परोल