Tuesday, December 27, 2016

न्यू इयर तक कोहरे से हो सकती है दिक्कत

नगर संवाददाता, नई दिल्ली
दिल्ली में मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया। इस कारण विजिबिलिटी पर असर पड़ा। मौसम विभाग ने अपने बुलेटिन में कहा कि बुधवार को कुछ जगह बेहद घना कोहरा छाने की आशंका है। अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिल्ली में 1 जनवरी यानी रविवार तक सुबह के वक्त घना कोहरा छाए रहने का अनुमान लगाया गया है।

मंगलवार को सुबह के वक्त दिल्ली में कई जगह न्यूनतम तापमान सामान्य रहा। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान नॉर्मल से दो पॉइंट ज्यादा के साथ 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मैक्सिमम टेंपरेचर नॉर्मल से तीन पॉइंट ज्यादा के साथ 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का अधिकतम स्तर 100 पर्सेंट रहा। लोदी रोड में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दिल्ली और आसपास के राज्यों में अगले पांच दिनों तक घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। उत्तर भारत में हाल ही में पहुंचे वेस्टर्न डिस्टरबेंस से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हुई। बर्फबारी होने के कारण पहाड़ी इलाकों में तापमान काफी गिर गया है। इसकी वजह से नमी वाली ठंडी हवाएं दिल्ली की तरफ दस्तक देंगी। इन हवाओं के कारण कोहरा छाएगा।

एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस सीजन में दिसंबर में बीते कुछ सालों की तुलना में ज्यादा घंटे तक कोहरा छाया। इससे मौसम के मिजाज में भी फर्क आया। इसका कारण है कि एक के बाद दूसरे वेस्टर्न डिस्टरबेंस के बीच गैप ज्यादा रहा। इससे मौसम में जल्द बदलाव नहीं आता। एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस आने के बाद उसका असर दिल्ली में पांच से छह दिन तक रहा। मौसम के इस सिस्टम के कारण उत्तर और पूर्वी दिशाओं से नमी वाली हवाएं दिल्ली की तरफ पहुंचीं। साथ ही बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात की वजह से कोहरे की स्थिति बनी है।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: न्यू इयर तक कोहरे से हो सकती है दिक्कत