Saturday, October 1, 2016

दिनदहाड़े लूट को निकला गैंग, हुई पिटाई

नई दिल्ली
करोल बाग टैंक रोड पर दिनदहाड़े लूटपाट करने निकला एक गैंग पब्लिक की मदद से दबोचा गया। पब्लिक ने चार बदमाशों को पकड़ पीटा, फिर पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। पुलिस का कहना है कि यह गैंग एक व्यापारी की जेब से जबरन 35 हजार रुपये लूटकर भाग रहा था।

शोर मचने पर बीट स्टाफ अलर्ट हो गया। पब्लिक की मदद से बदमाशों को घेर लिया। इस बीच पब्लिक के कुछ लोगों ने बदमाशों की पिटाई लगा दी। इसी बीच एक अन्य व्यापारी ने बताया कि इसी गैंग ने उनसे धक्का-मुक्की करके 73 हजार रुपये निकाले थे। दोनों व्यापारियों के बयान लेकर चारों को अरेस्ट कर लिया गया है।

डीसीपी मनदीप सिंह रंधावा ने बताया कि आरोपियों की पहचान बिरजू उर्फ बुच्चा, विशाल, रोहित और विजय के तौर पर हुई है। इनका आपराधिक रेकॉर्ड पता चला है। तफ्तीश जारी है। बदमाशों को पकड़ने में सिकंदराबाद (उप्र) के व्यवसायी धर्मेंद्र की बड़ी भूमिका रही। वह कपड़ा व्यापारी हैं। दिल्ली में कपड़े खरीदने आए थे।

इससे पहले कि पब्लिक उनकी ज्यादा पिटाई लगाती, पुलिस कर्मियों ने चारों को कस्टडी में ले लिया। एक अन्य व्यापारी ने भी पुलिस को इसी गैंग का द्वारा उनके साथ भी लूटपाट करने की जानकारी दी। प्रसाद नगर पुलिस लूट का केस दर्ज करके छानबीन कर रही है।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: दिनदहाड़े लूट को निकला गैंग, हुई पिटाई