Saturday, September 3, 2016

ब्लाग लिख दुबके आशुतोष, आप नेताओं ने काटी कन्नी

आम आदमी पार्टी के नेता आशुतोष ने बलात्कार मामले में घिरे संदीप कुमार के समर्थन में ब्लाग पर अपनी राय देने के बाद दुबक गए हैं। आशुतोष ने अपने ब्लाग में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के संबंध में अशोभनीय टिप्पणी की थी। साथ ही बलात्कार मामले में घिरे पूर्व मंत्री के कृत्यों पर पर्दा डालने का कार्य किया था। इस पर सवाल पूछे जाने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह आशुतोष की निजी राय है। यह पार्टी की राय नहीं है। आशुतोष ने अपने ब्लॉग में कहा था कि कुमार के आपत्तिजनक वीडियो पर उठे विवाद ने समाज के पाखंड एवं मीडिया के खोखलेपन को बेनकाब किया है और उन्होंने अचरज प्रकट किया कि स्पष्ट रूप से प्रतीत हो रहे आपसी सहमति वाले इस कृत्य से मीडिया और राजनीति में ऐसा तूफान क्यों मचा है।

आप के दिग्गज नेताओं ने आशुतोष की इस राय से किनारा कर लिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया से पार्टी नेता आशुतोष के ट्वीट पर सवाल किए गए। इन दोनों ने कहा, ‘यह उनकी निजी राय है लेकिन पार्टी इसे लेकर स्पष्ट है। केजरीवाल ने अपने वीडियो संदेश में कहा, ‘संदीप कुमार ने पार्टी को धोखा दिया है, उन्होंने आप सरकार को धोखा दिया है और देशभर के उन लोगों को धोखा दिया है जिन्होंने ‘आप’ पर भरोसा जताया। हम अपने मूल्यों से कभी समझौता नहीं करेंगे। हम किसी भी अनुचित काम को बर्दाश्त करने की जगह मरना, पार्टी को बंद  करना या नष्ट करना पसंद करेंंगे।’ सिसोदिया ने कहा, ‘संदीप कुमार के कृत्यों का बचाव नहीं किया जा सकता है। ऐसे व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। मैंने पहले दिन से ही कहा कि चरित्र, भ्रष्टाचार और अपराध संबंधी मामलों में किसी को बख्शा नहीं जाएगा..अगर ऐसे कोई आरोप कल मुझ पर भी लगे, तो भी यही कार्रवाई की जाएगी।’

संदीप कुमार से जुड़ी तमाम खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें।

उधर भाजपा ने आशुतोष के विवादित ब्लॉग को केजरीवाल के विचारों का प्रकटीकरण करार दिया। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने संवाददाताओं से कहा कि आशुतोष का ब्लॉग ‘शर्मनाक और अक्षम्य’ है। इस बारे में केजरीवाल और आशुतोष को लोगों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘यह पार्श्व गायन का मामला है। चेहरा एक व्यक्ति है और आवाज दूसरे व्यक्ति की है।’ पात्रा ने कहा, ‘सबसे चिंताजनक और शर्मनाक विषय यह है कि महात्मा गांधी, नेहरू, वाजपेयी जैसे महान लोगों का अपमान करने की कोशिश की गई है। राष्ट्रपिता के अपमान की कोशिश की गई है। जिस व्यक्ति का पूरी दुनिया में अनुसरण किया जाता है, उसकी तुलना आप नेता से की गई है, यह बहुत आपत्तिजनक है। यह अक्षम्य है।’
दिल्ली विधानसभा में नेता विपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली पुलिस आयुक्त से आशुतोष के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उन्हें जेल भेजने की मांग की है।

भाजपा के नेता गुप्ता ने कहा कि महिला का पक्ष जाने बगैर आप नेता आशुतोष की ओर से उसकी सहमति से शारीरिक संबंध बनाने का ब्लॉग लिखकर उन्होंने देश की सभी महिलाओं का सार्वजनिक रूप से अपमान किया है। यदि अरविंद केजरीवाल में जरा भी नैतिकता हो तो वे आशुतोष के खिलाफ स्वयं पुलिस में मुकदमा दर्ज कराएं और उन्हें जेल भिजवाएं। गुप्ता ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सेक्स स्कैंडल वाली पार्टी है। विधायक शरद चौहान की शोषण की शिकार सोनी मिश्रा ने आत्महत्या कर ली। इस क्रम में दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष कमलजीत सहरावत की अगुआई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की समाधि पर मौन धारण कर प्रार्थना की।

कांग्रेस आशुतोष की टिप्पणी के खिलाफ 5 सितंबर को राजघाट पर मौन व्रत रखेगी। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय राजीव भवन में अजय माकन ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आशुतोष की टिप्पणी निंदनीय है। माकन ने कहा कि 9 सितम्बर को आप पार्टी की दिल्ली सरकार की ओर से बुलाए गए विशेष सत्र के दिन दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी अपने कार्यकर्ताओं के साथ 9 सितम्बर को ही दोपहर 1 बजे केजरीवाल सरकार के डेढ़ साल के कुशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करके दिल्ली विधानसभा का घेराव करेंगे। जब कभी विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाता है तो सबसे पहले उस सत्र का मुद्दा तय किया जाता है और सभी से बात करने के बाद तारीख तय की जाती है।

’आशुतोष के विवादित ब्लॉग के खिलाफ कांग्रेस और भाजपा ने जोरदार आवाज उठाई

’ब्लॉग ‘शर्मनाक और अक्षम्य’ है, केजरीवाल और आशुतोष लोगों से माफी मांगें : भाजपा
’यदि केजरीवाल में जरा भी नैतिकता हो तो वे आशुतोष को जेल भिजवाएं : विजेन्द्र गुप्ता
’कांग्रेस आशुतोष की टिप्पणी के खिलाफ 5 सितंबर को राजघाट पर मौन व्रत रखेगी : माकन

 

The post ब्लाग लिख दुबके आशुतोष, आप नेताओं ने काटी कन्नी appeared first on Jansatta.


Read more: ब्लाग लिख दुबके आशुतोष, आप नेताओं ने काटी कन्नी