Saturday, September 3, 2016

भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में खूनखराबे वाला साल हो सकता है 2016: कांग्रेस

कांग्रेस ने कहा है कि कश्मीर घाटी में अशांति के दौरान मृतकों की संख्या 70 पहुंचने और 4,000 नागरिकों के घायल होने के साथ ही वर्ष 2016 भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में खूनखराबे वाला साल हो सकता है। कांग्रेस संदेश के ताजा अंक में लिखे संपादकीय में पार्टी ने जोर दिया है कि मौजूदा समस्या का एक महत्वपूर्ण आयाम, पाकिस्तान पर एक संगत नीति बनाने में मोदी सरकार की ‘विफलता’ है। इसके अलावा, पार्टी ने जनता की भावनाओं को शांत नहीं कर पाने के लिए पीडीपी नीत राज्य सरकार को भी उतना ही जिम्मेदार ठहराया है।

घाटी में 57वें दिन कर्फ्यू:

लाल चौक और एयरपोर्ट रोड पर कब्जे के अलगाववादियों के आह्वान को देखते हुए श्रीनगर के कई इलाकों में शनिवार (3 सितंबर) भी कर्फ्यू जारी रहेगा जबकि बाकी कश्मीर में कर्फ्यू जैसी पांबदियां लागू रहेंगी। वहीं 57 दिनों से जनजीवन पंगु बना हुआ है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘श्रीनगर के मुख्य इलाके के पांच थाना क्षेत्रों और शहर के बाहरी इलाके बटमालू तथा मैसूमा में कर्फ्यू जारी रहेगा।’ उन्होंने कहा कि गर्मियों की राजधानी के इन इलाकों में एहतियाती उपाय के तौर पर कर्फ्यू जारी रहेगा। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह की अगुवाई में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के घाटी दौरा के विरोध में अलगाववादियों ने लोगों से शनिवार और रविवार एयरपोर्ट रोड, शहर के मध्य में स्थित लाल चौक और जिला मुख्यालय पर कब्जा करने का आह्वान किया है जिसके मद्देनजर कर्फ्यू लगाया गया है।

हिंसक झड़प में अब तक 70 की मौत:

अलगाववादियों द्वारा प्रायोजित हड़ताल 57वें दिन भी जारी रहने की वजह से जनजीवन प्रभावित रहा। शैक्षिक संस्थान और निजी दफ्तर बंद रहे जबकि सार्वजनिक परिवहन सड़कों से नदारद बना हुआ है। बीती आठ जुलाई को दक्षिण कश्मीर में हिज्बुल मुजाहिदीन के आतंकवादी बुरहान वानी को एक मुठभेड़ में मार गिराए जाने के बाद से घाटी में सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच हुए संघर्ष में दो पुलिस कर्मियों सहित 70 व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि कई हजार जख्मी हो गए।

The post भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में खूनखराबे वाला साल हो सकता है 2016: कांग्रेस appeared first on Jansatta.


Read more: भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में खूनखराबे वाला साल हो सकता है 2016: कांग्रेस