Friday, July 29, 2016

सोनी को मिलेगा न्याय: राजनाथ

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आप कार्यकर्ता सोनी की खुदकशी को गंभीर मामला बताते हुए यह सुनिश्चित करने का भरोसा दिया कि सोनी और उसके परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिले। उन्होंने कहा कि इस घटना में जो लोग शामिल हैं, उन्हें सजा जरूर मिलेगी। दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने शुक्रवार को दिवंगत सोनी मिश्र के परिवार के साथ गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर उन्हें परिवार की चिंताओं के बारे में बताया।

इसके साथ ही उन्होंने उनकी दुखद आत्महत्या के सभी पहलुओं की गहनता और व्यापकता के साथ जांच में तेजी लाने की भी मांग की। इस मौके पर भाजपा विधायक ओम प्रकाश शर्मा, नरेला से भाजपा नेता नीलदमन खत्री और सोनी के पति अशोक मिश्र व पुत्रियां भी मौजूद थीं।

विपक्ष के नेता ने गृह मंत्री से कहा कि जिन परिस्थितियों में सोनी को आत्महत्या के लिए मजबूर होना पड़ा, उसकी गहराई से जांच होनी चाहिए और जो लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने गृह मंत्री को बताया कि आम आदमी पार्टी में महिला कार्यकर्ताआें का शोषण हो रहा है। मुख्यमंत्री केजरीवाल, दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल और आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रभारी दिलीप पांडे ने सोनी की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण उन्हें यह भयानक कदम उठाना पड़ा। लिहाजा वे सभी सोनी की आत्महत्या के लिए दोषी हैं।

अशोक मिश्र ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री ने अभी तक उन्हें और उनकी बेटियों को केवल आश्वासन दिया है। इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। विधायक ओम प्रकाश शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के विधायक अपनी शक्ति का दुरुपयोग कर रहे है। एक ऐसी पार्टी जो अपनी महिला कार्यकर्ताओं की अस्मिता की रक्षा नहीं कर पाई, उससे दिल्ली की महिलाओं की रक्षा की उम्मीद करना बेमानी ही होगा।

The post सोनी को मिलेगा न्याय: राजनाथ appeared first on Jansatta.


Read more: सोनी को मिलेगा न्याय: राजनाथ