Saturday, July 2, 2016

नरेंद्र भंडारी की रिपोर्ट : बस आम का ही भरोसा है

अनाज और सब्जियों के बाद हमारी सेहत के लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद फलों को माना जाता है। लेकिन इन दिनों फलों के आसमान छूते दामों के कारण लोग सिर्फ अपनी जेब की सेहत का ख्याल कर रहे हैं। आम तौर पर मध्यम श्रेणी के परिवारों में तो वे ही फल खरीदे जाते हैं, जिनके दाम कम होते हैं। इन दिनों कई फल तो बदलते मौसम की वजह से बाजारों से गायब ही हो गए हैं। वैसे फलों के राजा आम ने थोड़ी राहत दे रखी है और लोग उसे सिर-आंखों पर बिठा भी रहे हैं।

उत्तरी भारत में बरसात शुरू होते ही बाजार से खरबूजा गायब हो गया है। उसकी जगह आम ने ले ली है। इसी तरह क श्मीर और हिमाचल से भी सेब आने बंद हो गए हैं। बाजार में जो सेब इन दिनों है, वह आयातित है। इसी तरह बिहार से लीची की आवक भी कम हो गई है। राजधानी के बाजारों में फलों की अलग-अलग कीमतें भी हैरान करने वाली हैं। फुटकर बाजार में फलों की कीमत सफल और मदर डेयरी के आउटलेटों से अलग हैं। कुछ फलों की कीमत फुटकर बाजार में कम तो सफल, व मदर डेयरी के आउटलेटों पर ज्यादा मिलेगी। इसी तरह से कुछ फलों की कीमत सफल व मदर डेयरी के आउटलेटों पर कम और फुटकर बाजार में ज्यादा मिलेंगी।

कई किस्मों में उपलब्ध होने के कारण फलों का राजा आम की भी कीमत की सूची लंबी है। बाजार में इन दिनों ज्यादातर तीन तरह के आम बिक रहे हैं। ये हैं-दशहरी, लंगड़ा व डेगा। इनकी कीमतें भी अलग-अलग हैं। फुटकर बाजार में आम की कीमत 50 रुपए से लेकर 80 रुपए तक है। सफल व मदर डेयरी के आउटलेटों पर दशहरी आम 45 रुपए किलो, लंगड़ा 39 व डेगा आम भी 39 रुपए किलो है। कारोबारियों का कहना है कि ज्यादा बारिश होने के बाद आम की कीमतों में कमी आनी शुरू हो जाएगी। बाजार में इन दिनों सेब के दामों में भारी उछाल है। उसकी वजह कश्मीर और हिमाचल से इन दिनों सेब की आवक का नहीं आना है। बरसात खत्म होते ही सेब की आवक शुरू हो जाएगी। इन दिनों बाजार में जो सेब है, वह अमेरिका से आयातित है।

फुटकर बाजार में सेब की कीमत 200 रुपए किलो है, तो सफल के आउटलेटों पर उसकी कीमत 219 रुपए प्रति किलो है। फुटकर बाजार में अनार की जो कीमत 140 रुपए किलो थी, वह बढ़कर 160 रुपए किलो पर पहुंच गई है। मदर डेयरी व सफल के आउटलेटों पर अनार का दाम 149 रुपए किलो था। बहुत से लोग सेहत के लिहाज से पपीता पसंद करते हैं। बाजार में पपीते के भी दाम अलग-अलग हैं। इन दिनों उसके भी दामों में काफी इजाफा हुआ है। एक पखवाड़ा पहले पपीता 40 रुपए किलो मिल जाता था, जिसके दाम अब बढ़कर 60 से 70 रुपए किलो हो गए हैं। फुटकर बाजार में पपीता 60 रुपए किलो मिल रहा है, जो सफल के आउटलेटों पर शनिवार को 69 रुपए में बिका है।

फुटकर बाजार में नाशपाती 150 रुपए किलो है तो सफल के आउटलेट पर 59 रुपए किलो है। मौसमी के फुटकर के दाम 80 रुपए किलो हैं, तो सफल के आउटलेट पर उसकी कीमत 55 रुपए किलो है। बाजार में इन दिनों तरबूज काफी जगहों पर बिकता देखा जा सकता है। फुटकर बाजार में तरबूज 30 से 40 रुपए किलो बिक रहा है, जबकि सफल के आउटलेटों पर उसका दाम 27 रुपए 90 पैसे है। बाजार में चेरी व आड़ू की कीमतें भी बढ़ती जा रहीं हैं। 460 ग्राम की चेरी की कीमत सफल के आउटलेट पर 350 रुपए है। इसी तरह से आड़ू की कीमत 89 रुपए किलो है। फुटकर बाजार में आड़ू 100 रुपए किलो से कहीं भी कम नहीं है। बाजार में फलों की कीमतों में लगातार आ रहे उछाल से उसे बेचने वाले दुकानदारों के माथे पर भी चिंता की लकीरें देखी जा सकती हैं। फुटकर दुकानदारों का कहना है कि फलों के खरीदार तो उनकी दुकानों पर आते हैं, लेकिन वे उनके दाम सुनकर निराश होकर आगे बढ़ जाते हैं।


Read more: नरेंद्र भंडारी की रिपोर्ट : बस आम का ही भरोसा है