Saturday, July 2, 2016

मानसून ने दी दस्तक, दो दिनों में झमाझम बारिश से लोगों को मिली गर्मी से राहत

दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मानसून ने दस्तक दे दी है। इसी वजह से गुरुवार और शुक्रवार को हल्की बारिश भी हुई। हालांकि मानसून हफ्ते भर की देरी से आया है लेकिन राजधानी के आसमान में घने बादल उमड़-घुमड़ रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में दिल्ली के साथ ही उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश की संभावना है।

दिल्ली में मानसूनी बारिश से मौसम खुशगवार हो गया और लोगों को उमस से निजात मिली। बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से सात डिग्री नीचे है। नगर के मौसम पूर्वानुमान में कहा गया है कि कल भी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अधिकारी बीपी यादव ने बताया कि इस बार मानसून से दिल्ली-एनसीआर में 223 सेमी तक बारिश होने की संभावना है। अगले दो दिनों में बारिश होते ही दिल्ली के ऊपर से बादलों का अवागमन तेज होगा जिससे उत्तर भारत के इस इलाके में बारिश होने की संभावना बढ़ती है।

उन्होंने बताया कि मानसून और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के बीच टकराव बढ़ जाएगा। इससे हिमालय की तलहटी के तमाम इलाकों में झमाझम बारिश होने की संभावना बढ़ गई है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मानसूनी हवाओं ने एकबार फिर जोर पकड़ा है। जून में अपेक्षा से कम बारिश दर्ज की गई है लेकिन यह तब हुआ जब मानूसन हफ्ते भर की देरी से आई है। दिल्ली में भी अच्छी बारिश होने की संभावना है क्योंकि अभी देखा गया कि मानसून की बारिश जिन इलाकों में भी हुई है वहां जोरदार हुई है। इससे आगे भी मौसम वैज्ञानिक अच्छी बारिश की संभावना जता रहे हैं।

मौसम विज्ञान विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दक्षिण-पश्चिमी मानसून पश्चिमी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के साथ ही पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और चंडीगढ में भी सक्रिय है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा, ओडीÞशा, बिहार जैसे राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है।


Read more: मानसून ने दी दस्तक, दो दिनों में झमाझम बारिश से लोगों को मिली गर्मी से राहत