Thursday, February 2, 2017

CP में रात को रहस्यमय ढंग से गिरी बिल्डिंग

नई दिल्ली
कनॉट प्लेस C-ब्लॉक में बीती रात अंग्रेजों के जमाने की बनी एक बिल्डिंग की छत रहस्यमय धमाके के साथ ढह गई। शुक्र है कि हादसा रात में हुआ, वरना दोपहर के समय उसी छत के नीचे एक ब्यूटी प्रॉडक्ट्स बनाने वाली नामी कंपनी की क्लासें लगती हैं। छत का बहुत मलबा रोड पर भी गिरा, जहां से दिन भर बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं।

छत कैसी ढही, तेज धमाका किस वजह से हुआ, इतने बड़े हादसे के पीछे किसकी लापरवाही रही, आदि सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। डीसीपी (नई दिल्ली) बी.के. सिंह ने बताया कि पुलिस ने पूरी बिल्डिंग सील कर दी है। एक्सपर्ट्स की टीम छत गिरने की वजह जानने के लिए जांच कर रही है। फिलहाल छत ढहने की वजह साफ नहीं है। इस मामले में नई दिल्ली नगर पालिका परिषद् (एनडीएमसी) भी जांच कर रही है। पुलिस ने उनसे डिटेल रिपोर्ट मांगी है। हादसे के पीछे जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यही हादसा दिन में हुआ होता तो बहुत लोगों की जान पर बन आती।

हादसा रात 1:50 बजे बिल्डिंग नंबर-33 में हुआ। जैन बुक डिपो के साथ में बिल्डिंग के सेकंड फ्लोर की छत भरभराकर गिर गई। उस समय पूरा फ्लोर खाली था। पुलिस का कहना है कि छत ढहने पर बहुत तेज धमाका हुआ था। फिलहाल यह साफ नहीं है कि धमाके की वजह से छत गिरी या छत गिरने की वजह से तेज आवाज आई। मौके पर ऐसा कुछ नहीं मिला, जिससे ब्लास्ट की आशंका लगे।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस बिल्डिंग का एक हिस्सा ढहा है, लेकिन कई जगहों पर दरार आ चुकी है, इसलिए पूरी बिल्डिंग को सील कर दिया है।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: CP में रात को रहस्यमय ढंग से गिरी बिल्डिंग