Friday, December 4, 2020

दिल्लीवालों को लगी दिसंबर में गर्मी, 6 साल बाद आया सबसे गर्म दिन

विशेष संवाददाता, नई दिल्ली
दिसंबर में धूप की तपिश अब तीखी लग रही है और गर्मी का अहसास हो रहा है। 14 सालों में दिसंबर में इससे अधिक गर्मी महज दो बार पड़ी है। हालांकि सुबह व शाम के समय ठंड का अहसास हो रहा है। लेकिन शनिवार को सुबह के समय भी ठिठुरन कम हो जाएगी। शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य से चार डिग्री अधिक है। आया नगर और नजफगढ़ में तापमान 28.6 डिग्री रहा। जबकि पीतमपुरा में 28.4 और पूसा में 28.2 डिग्री दर्ज किया गया।

वहीं, शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री कम है। लोदी रोड में न्यूनतम तापमान महज 7.7 डिग्री दर्ज हुआ। दिन में गर्मी के बावजूद राजधानी की सुबह पहाड़ी इलाकों से आने वाली हवाओं के कारण ठंडी रही। राजधानी का न्यूनतम तापमान शुक्रवार को भी शिमला, धर्मशाला, जम्मू और कटरा से कम रहा। अगर दिसंबर में गर्म दिनों की बात करें तो ऑल टाइम रेकॉर्ड 2014 में बना था। उस साल 1 दिसंबर को तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया। दिसंबर में यह अब तक का सबसे गर्म दिन है। अब 2020 में अधितकम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया है।

इसके अलावा 2011 में भी 6 दिसंबर को अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री पर पहुंच गया था। इन दो सालों को छोड़ दें तो 2007 से 2019 तक अब तक दिसंबर में तापमान शुक्रवार से ज्यादा नहीं देखा। अहम यह है कि अगले दो दिन तक दिसंबर में हो रही इस गर्मी का अहसास कम नहीं होगा। अगले दो दिन अधिकतम तापमान 28 डिग्री के आसपास ही रह सकता है। वहीं, इस वीकेंड यानी शनिवार और रविवार को न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 10 डिग्री तक रह सकता है। जिसकी वजह से सुबह की ठिठुरन से भी लोगों को राहत मिलेगी। इसके बाद 7 दिसंबर से तापमान में कमी आना शुरू हो जाएगी। 7 दिसंबर को अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री पर आ सकता है।


मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: दिल्लीवालों को लगी दिसंबर में गर्मी, 6 साल बाद आया सबसे गर्म दिन