Sunday, January 26, 2020

शरजिल इमाम के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया केस

नई दिल्ली
विवादित भाषण के बाद लाइमलाइट में आए शरजिल इमाम पर दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज किया है। वहीं शाहीन बाग के विरोध प्रदर्शन से जुड़े लोगों ने शनिवार रात ही बयान जारी करके कहा कि उनका कोई लीडर नहीं है और शरजिल से उनका कोई संबंध नहीं है। बयान में कहा गया, 'शरजिल के बयान से हमारा कोई संबंध नहीं है। शाहीन बाग के विरोध के लिए कोई ऑर्गनाइजिंग कमिटी नहीं है और न ही कोई लीडर है।'

बयान में यह भी बताया गया कि विवादित भाषण शाहीन बाग में नहीं दिया गया है। यह प्रदर्शन महिलाएं कर रही हैं और शरजिल का इससे कोई लेना देना नहीं है। 26 जनवरी को शाहीन बाग के प्रोटेस्ट का 43वां दिन है। यहीं बड़ी संख्या में महिलाएं लगातार प्रदर्शन कर रही हैं। गणतंत्र दिवस पर बड़ी संख्या में लोग यहां इकट्ठे हुए थे और तिरंगा भी फहराया गया।

शरजिल के बारे में पुलिस ने बताया कि वह बिहार के रहने वाले हैं। वायरल विडियो में देखा जा सकता है कि सीएए और एनआरसी का विरोध करते-करते वह पूर्वोत्तर को भारत से अलग करने की बात करने लगे थे। पुलिस ने बताया, 'वह पहले जामिया मिल्लिया इस्लामिया में इसी तरह का भाषण दे चुके हैं। उनके भाषण सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने वाले हैं।'

वायरल विडियो में शरजिल कह रहे थे, 'असम को भारत के बाकी हिस्से से काट देना चाहिए। लोगों को कहना चाहिए कि बंगाल में हिंदू और मुसलमानों को मारा जा रहा है और उन्हें डिटेंशन सेटर में रखा जा रहा है। 5 लाख लोगों को जुटाया जा सकता है और कुछ महीनों के लिए असम को भारत से अलग किया जा सकता है।'
इमाम के खिलाफ आईपीसी की धारा 124A,153 A और 505 के तहत केस दर्ज किया गया है। अलीगढ़ और असम मे भी सरजिल के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किए गए हैं।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: शरजिल इमाम के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया केस