Monday, December 30, 2019

दिल्ली: रेकॉर्ड ठंड से मौसम वैज्ञानिक भी हैरान

नई दिल्ली
दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत जबर्दस्त शीत लहर की चपेट में है। दिल्ली में तो 119 साल का रेकॉर्ड टूट चुका है। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 9.4 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में तापमान में आई ऐसी गिरावट ने मौसम वैज्ञानिकों को भी हैरान कर दिया है।

रविवार को जारी पूर्वानुमान में सोमवार को दिन के तापमान में मामूली वृद्धि की उम्मीद जताई गई थी। हवाओं के दिशा में होनेवाले परिवर्तन को देखते हुए वैज्ञानिकों ने तापमान में वृद्धि का अनुमान जताया था। हालांकि, सोमवार को स्थिति बिल्कुल बदल गई और तापमान में और गिरावट दर्ज की गई।

हवाओं की दिशा बदली, लेकिन तापमान घट गया

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, हवाओं ने अपनी दिशा उत्तर से पूर्व की ओर बदली। हालांकि, हवाओं की कम गति के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हवाओं की कम गति के साथ ही हवा में मौजूद नमी के कारण ठंड बहुत अधिक हो गई है। इसके साथ ही सोमवार को दिन भर कोहरा भी बना रहा, इस कारण भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इन सभी परिस्थितियों के कारण दिन का अधिकतम तापमान रेकॉर्ड कम दर्ज किया गया।

पढ़ें : दिल्ली में 119 साल का रेकॉर्ड, लद्दाख से पटना तक ठंड प्रचंड

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक भी तापमान में गिरावट से हैरान

मौसम विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, 'तापमान में गिरावट की उम्मीद हमें नहीं थी। हमारा अनुमान था कि रविवार को अधिकतम तापमान से सोमवार के अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी। रविवार को सफदरजंग इलाके का अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री था और हमारा अनुमान था कि सोमवार को यह बढ़कर 17 डिग्री के आसपास रहेगा।'


दिनभर छाया घना कोहरा भी बना पहेली
मौसम वैज्ञानिक अधिकतम तापमान के साथ ही दिन भर शहर में छाए घने कोहरे से भी हैरान नजर आए। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, 'हमारे लिए सबसे चौंकानेवाली बात रही कि दिन भर घना कोहरा छाया रहा। पूर्वानुमान में हमने सुबह के वक्त कोहरे की उम्मीद की थी, लेकिन दिन भर घना कोहरा छाए रहने से हम भी हैरान हैं। हमें उम्मीद थी कि कोहरा बहुत हल्के स्तर पर शहर में रहेगा, लेकिन सूर्य की रोशनी से दिन के तापमान में थोड़ी वृद्धि दर्ज की जा सकेगी। दिन भर घने कोहरे के कारण तापमान में और गिरावट ही हुई।'

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: दिल्ली: रेकॉर्ड ठंड से मौसम वैज्ञानिक भी हैरान