Monday, December 30, 2019

कोहरे का कहर, 530 उड़ानों में देरी, 20 का रूट बदला

नई दिल्ली
दिल्ली एयरपोर्ट पर घने कोहरे के कारण सोमवार को विमान संचालन बाधित रहा। एक अधिकारी ने बताया कि दोपहर 12 बजकर 52 मिनट तक 20 विमानों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया, चार उड़ानों को रद्द कर दिया गया और करीब 530 उड़ानों में विलंब हुआ। हवाई अड्डे से विमानों का परिचालन श्रेणी थ्री बी परिस्थितियों में किया जा रहा है। इसका अर्थ है कि रनवे दृश्यता रेंज (आरवीआर) 50 से 175 मीटर के बीच है।

20 विमानों का रूट बदला गया

अधिकारी ने दोपहर 12 बजकर 52 मिनट पर विमान संचालन की ताजा जानकारी देते हुए बताया कि अब तक 20 विमानों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है। चार उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। उन्होंने बताया, ‘सोमवार को दोपहर 12 बजकर 52 मिनट तक करीब 530 उड़ानों में देरी हुई। इनमें 320 प्रस्थान करने वाली उड़ानें और 210 आगमन उड़ानें शामिल हैं।’

पढ़ें: ठंड के साथ दिल्ली की हवा भी खराब, AQI गंभीर स्तर पर


उत्तर भारत में कोहरे का असर

इंडिगो एयरलाइंस ने एक बयान में कहा, ‘उत्तर भारत में घने कोहरे के कारण पूरे भारत में हमारी उड़ानों पर असर पड़ा है। हम स्थिति की समीक्षा करते रहेंगे और अपने सोशल प्लेटफॉर्म्स पर ताजा जानकारियां देते रहेंगे।’ एयरलाइन ने यात्रियों को घरों से रवाना होने से पहले विमान के उड़ान भरने की जानकारी लेने और उसके ग्राहक सेवा केंद्रों से संपर्क करने का भी अनुरोध किया है।

घर से निकलने से पहले उड़ानों की स्थिति पता करने का निर्देश
विस्तारा एयरलाइन ने टि्वटर पर कहा कि दिल्ली में खराब दृश्यता के कारण उसकी दिल्ली-मुंबई उड़ान यूके933 के साथ ही मुंबई-दिल्ली उड़ान यूके996 को रद्द कर दिया गया है। विस्तारा के साथ ही गोएयर, स्पाइसजेट, एयरएशिया इंडिया ने टि्वटर पर कहा कि दिल्ली में घने कोहरे और खराब दृश्यता के कारण उनके विमान संचालन पर असर पड़ सकता है। यात्रियों को हवाईअड्डे के लिए रवाना होने से पहली अपनी-अपनी उड़ानों की स्थिति पता कर लेने की सलाह दी जाती है।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: कोहरे का कहर, 530 उड़ानों में देरी, 20 का रूट बदला