Friday, October 4, 2019

चार बार रहे विधायक, अब छोड़ेंगे कांग्रेस का दामन

नई दिल्ली
दिल्ली विधानसभा चुनाव से सिर्फ कुछ महीने पहले कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगने वाला है। चांदनी चौक से चार बार विधायक रह चुके प्रहलाद सिंह साहनी आम आदमी पार्टी (आप) जॉइन कर सकते हैं। इसकी वजह पार्टी से टिकट को लेकर हुई तकरार है। चर्चा है कि पिता और पुत्र दोनों रविवार को AAP जॉइन कर सकते हैं।

साहनी चांदनी चौक सीट से अपने बेटे को टिकट दिलवाना चाहते हैं। सीनियर नेता अपने बेटे पूरनदीप सिंह साहनी को चांदनी चौक सीट से चुनाव लड़वाना चाहते हैं। लेकिन कांग्रेस आम आदमी पार्टी छोड़कर वापस आईं अलका लांबा को टिकट दे सकती है। साहनी चांदनी चौक का जाना-पहचाना चेहरा हैं। वह 1998 में पहली बार चांदनी चौक से चुनाव जीते थे। फिर 2015 में उन्हें अलका लांबा ने हरा दिया था। तब अलका आप पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ी थीं।

पढ़ें: आम आदमी पार्टी से अलका लांबा ने दिया इस्तीफा

बातचीत में साहनी ने आम आदमी पार्टी के काम की तारीफ भी की। वह बोले कि पार्टी ने शिक्षा और हेल्थ सेक्टर पर काफी काम किया है। दिल्ली सरकार की फ्री बिजली और पानी योजने से भी साहनी प्रभावित हैं।

पार्टी छोड़नेवाले तीसरा बड़ा चेहरा होंगे
साहनी दिल्ली कांग्रेस को छोड़नेवाले तीसरे बड़े चेहरे होंगे। इससे पहले लोकसभा चुनाव 2019 के वक्त पूर्व मंत्री और दलित चेहरे राज कुमार चौहान ने पार्टी छोड़ी। उन्होंने बीजेपी का दामन थामा। इसके बाद तिमारपुर से दो बार विधायक रहे सुरेंद्र पाल सिंह बिट्टू ने बीजेपी जॉइन कर ली थी। हालांकि, चांदनी चौक पर उम्मीदवार तय करना कांग्रेस के लिए अभी भी आसान नहीं होगा। पूर्व सांसद जेपी अग्रवाल भी यहां से अपने बेटे के लिए टिकट मांग रहे हैं।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: चार बार रहे विधायक, अब छोड़ेंगे कांग्रेस का दामन