Friday, October 25, 2019

दिल्ली-एनसीआर की हवा बेहद खराब, दिवाली पर बिगड़ेगी स्थिति

नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में हवा का स्तर लगातार बेहद खराब स्थिति में बना हुआ है। छोटी दिवाली यानी शनिवार को भी ऐसी ही स्थिति बनी हुई है। राजधानी, गुड़गांव और नोएडा में एयर क्वॉलिटी इंडेक्स में पीएम 2.5 का स्तर 300 के पार है। प्रदूषण से संबंधित जानकारी देनेवाली एजेंसी सफर ने कहा है कि इससे राहत नहीं मिलनेवाली है। अगर इस दिवाली पिछली बार से आधे पटाखे भी जले तब भी दिल्ली का दम घटना तय है।

सफर के मुताबिक दिवाली पर रात 1 से सुबह 6 बजे तक हवा सबसे अधिक जहरीली रहने की उम्मीद है। 28 अक्टूबर को यह खराब रहेगी और इसके बाद 29 अक्टूबर को बेहद खराब हो सकती है।

आज प्रदूषण की क्या स्थिति

जगह AQI स्थिति
दिल्ली 305 बहुत खराब
नोएडा 305 बहुत खराब
गुड़गांव 320 बहुत खराब
पुणे 32 अच्छा
अहमदाबाद 141 मॉडरेट
मुंबई 47 अच्छा

बता दें कि एक्यूआई 0 से 50 के बीच होने पर ‘अच्छा’ होता है, जबकि 51 से 100 के बीच होने पर ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 और 500 के बीच होने पर उसे ‘गंभीर’ समझा जाता है। बुधवार को दिल्ली का औसत एयर क्वॉलिटी इंडेक्स 304 पर था।

आधे पटाखे भी चले तो भी घुटेगा दिल्ली का दम

अगर इस बार पिछले साल से आधे पटाखे भी चलाए तो दिल्ली का दम घुटना तय है। दिवाली के अगले दिन यानी 28 अक्टूबर को दिल्ली में स्मॉग की मोटी चादर दिखेगी और प्रदूषण खतरनाक स्तर पर रहेगा। यह दावा किया है सफर ने। हालांकि पिछले साल की तुलना में इस दिवाली दिल्ली कुछ हद तक साफ रहेगी।

पिछली बार दिवाली पर था खतरनाक स्तर
सफर के मुताबिक दिवाली की रात आतिशबाजी होने की संभावना बनी रहती है। अगर लोगों ने आतिशबाजी नहीं की तो भी दिवाली के बाद दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बेहद खराब ही बना रहेगा। एयर इंडेक्स 350 के आसपास हो सकता है। अगर 2017 और 2018 से आधी आतिशबाजी भी हुई तो कम समय के लिए ही सही दिल्ली खतरनाक स्तर पर पहुंच जाएगी। आतिशबाजी के बावजूद 29 अक्टूबर तक दिल्ली की हवा बेहद खराब स्तर पर पहुंच जाएगी। जबकि 2018 में दिवाली के बाद कुछ दिनों तक प्रदूषण स्तर खतरनाक स्तर पर रहा था।

नहीं रुक रही पराली जलना
पंजाब और हरियाणा में पराली जलना लगातार बढ़ा है। इस बीच एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है और इसका असर नॉर्थ-वेस्ट बार्डर पर रहेगा। इसकी वजह से 26 अक्टूबर को पराली का प्रदूषण 15 से 20 पर्सेंट तक दिल्ली के प्रदूषण को प्रभावित करेगा। इस वजह से एयर इंडेक्स 370 के आसपास रह सकता है। लेकिन 27 अक्टूबर से हवाएं पराली के धुएं को नहीं लाएंगी, हवा में जो प्रदूषण बढ़ेगा वह दिल्ली की अपनी वजहों के साथ पटाखों का होगा।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: दिल्ली-एनसीआर की हवा बेहद खराब, दिवाली पर बिगड़ेगी स्थिति