Thursday, May 30, 2019

परिवार को न हो डायबीटीज, डर से महिला ने दी जान

विशेष संवाददाता, नई दिल्ली
डायबीटीज से परेशान एक महिला ने चौथी मंजिल से कूदकर जान दे दी। पुलिस फिलहाल इसे आत्महत्या मान रही है, लेकिन अन्य पहलुओं से भी जांच की जा रही है। द्वारका नॉर्थ थाने में यह मामला दर्ज कर लिया है।

घटना सुबह 7 बजे के करीब की है। द्वारका नॉर्थ थाने में एक कॉल आई कि एक महिला खाली प्लॉट में बेसुध गिरी हुई है। मौके पर तुरंत ईआरवी पहुंची। महिला की पहचान सुनीता पत्नी ईश्वर सिंह के रूप में हुई। वह डी ब्लॉक भरत विहार में अपने परिवार के साथ रहती थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक 55 साल की इस महिला को तुरंत खाली प्लॉट से उठाकर नजदीक के रॉकलैंड अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि महिला लंबे समय से डायबीटीज से जूझ रही थी। इसकी वजह से वह डिप्रेशन में रहती थी। दरअसल महिला को चिंता थी कि डायबीटीज कहीं उनके परिवार को ना हो जाए। इस कारण वह डिप्रेशन रहने लगी थी।

महिला के पति ईश्वर सिंह सिविल डिफेंस में काम करते हैं। घटना के समय वह सुबह की सैर को गए हुए थे। जाने से पहले उन्होंने सुनीता को भी अपने साथ चलने को कहा था, लेकिन सुनीता यह कहकर नहीं गई कि वह छत पर ही वॉक करेगी। उसके तीन बेटे हैं, जिसमें से दो शादीशुदा है। घटना के समय सभी सो रहे थे। पड़ोसी ने महिला को खाली प्लॉट में गिरे देखा, तो पुलिस को कॉल किया। पुलिस के अनुसार ऐसा लग रहा है कि महिला ने चौथी मंजिल की अपनी छत से इस खाली प्लॉट में छलांग लगाई है। जांच की जा रही है। मौके से कोई सूइसाइड नोट नहीं मिला है।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: परिवार को न हो डायबीटीज, डर से महिला ने दी जान