Sunday, February 24, 2019

दौलतराम कॉलेजः वाइस चांसलर के पास छात्राओं ने की शिकायत

नई दिल्ली
फीस ज्यादा मगर सुविधाएं कुछ नहीं। इस आरोप के साथ दिल्ली यूनिवर्सिटी के दौलतराम कॉलेज की लड़कियां वाइस चांसलर के ऑफिस के आगे जम गईं। उनका कहना था कि एक तो हॉस्टल में सुविधाएं नहीं हैं, दूसरा हॉस्टल प्रशासन लड़कियों पर पाबंदी लगाते हुए नैतिकता का पाठ पढ़ाता है।

लड़कियों की शिकायत है कि वॉर्डन ने 8 लड़कियों को हॉस्टल से बाहर निकाल दिया, क्योंकि वह छुट्टी लेकर घर नहीं गईं। स्टूडेंट्स शनिवार रात हॉस्टल का दरवाजा तोड़कर बाहर आ गईं और जमकर नारेबाजी की। रविवार को वीसी ऑफिस के आगे 200 से ज्यादा स्टूडेंट्स ने प्रदर्शन किया। स्टूडेंट्स ने यह भी आरोप लगाया कि हॉस्टल प्रशासन उनका सोशल मीडिया अकाउंट चेक करता है। अगर उनके छोटे कपड़े हैं, तो उसका प्रिंट निकालकर पैरंट्स को दिखाया जाता है। उनके कपड़ों पर कॉमेंट भी किए जाते हैं।

इमर्जेंसी में बाहर नहीं जा सकते और शाम 7:30 बजे के एक मिनट भी बाद हॉस्टल आए तो निकालने का नोटिस देते हैं। लड़कियों का कहना है कि वे एक लाख से ज्यादा फीस दे रही हैं। हॉस्टल स्टाफ खुद नियमों का पालन नहीं करता और लड़कियों का उत्पीड़न करता है। प्रशासन का कहना है कि लड़कियों की शिकायत पर गौर किया जाएगा। गवर्निंग बॉडी इस पर प्रशासन से बात करेगा। हॉस्टल वॉर्डन ने बात नहीं की।

जिन लड़कियों को निकाल दिया गया है उनका कहना है कि हॉस्टल प्रशासन ने उनके इंस्टाग्राम अकाउंट ट्रैक किए और उनके पैरंट्स को कॉल करके शिकायत की कि वे छुट्टी लेकर घर नहीं गईं। इन स्टूडेंट्स को 15 मिनट लेट आने पर हॉस्टल खाली करने का नोटिस भी दे दिया गया। स्टूडेंट्स का कहना है कि यह मोरल पुलिसिंग है। एक स्टूडेंट बताती हैं, हॉस्टल के 90 पर्सेंट लड़कियों के एसी नहीं चल रहे हैं। सीलिंग गिर चुकी है। टोस्टर खराब हैं। वॉशरूम गंदे रहते हैं। अपनी कमी वॉर्डन को दिखती नहीं।

एक स्टूडेंट ने बताया, 'हमारी लिपस्टिक, कपड़ों पर कमेंट किया जाता है। यह कहा जाता है कि कपड़े देखकर दिमाग खराब हो जाता है। मगर लड़कियों को खाना नहीं मिल रहा, बीमार होने पर भी ख्याल नहीं रखा जा रहा, इस पर प्रशासन का कोई ध्यान नहीं है।'

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: दौलतराम कॉलेजः वाइस चांसलर के पास छात्राओं ने की शिकायत