Wednesday, January 2, 2019

हवाई फायरिंग के आरोपी बिहार के पूर्व MLA गिरफ्तार

दिल्ली
दिल्ली पुलिस ने नए साल की पूर्व संध्या पर हवाई फायरिंग करने के आरोपी, जनता दल यूनाइडेट (जेडीयू) के पूर्व विधायक राजू सिंह को बुधवार को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से गिरफ्तार कर लिया है। इस हवाई फायरिंग में एक महिला अतिथि को गोली लगी थी जिनका दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी है। राजू के पास के एक पिस्तौल भी बरामद की गई है।

अधिकारियों ने कहा कि राजू को दिल्ली लाया जा रहा है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि इससे पहले पुलिस ने वसंत कुंज में सिंह के फार्म हाउस से दो राइफल और 800 कारतूस बरामद किये थे। राजू जनता दल (यू) से बिहार के पूर्व विधायक रह चुके हैं। पुलिस का कहना है कि उनका मांडी गांव में एक फार्महाउस है। 31 दिसंबर की रात नए साल का जश्न मनाने के लिए उन्होंने एक पार्टी रखी थी। इसमें काफी लोग शामिल हुए थे। उनके बिजनेस पार्टनर भी अपनी पत्नी के साथ शामिल हुए थे।

घायल महिला की पहचान अर्चना गुप्ता के रूप में हुई है, जो पेशे से आर्किटेक्ट हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि महिला के पति की ओर से दी गई शिकायत में कहा गया है कि वह सोमवार की रात नए साल के मौके पर अपने दोस्तों के साथ वसंत कुंज में एक फार्म हाउस में मौजूद थे। इस दौरान आधी रात को राजू सिंह ने दो-तीन हवाई फायर किए।

महिला के पति ने शिकायत में कहा कि उन्होंने देखा कि उनकी पत्नी तुरंत गिर गईं और उनके शरीर से खून बहने लगा। अधिकारी ने कहा कि सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और शस्त्र कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ पांच अन्य मामले भी दर्ज हैं। उनकी पत्नी बिहार विधान परिषद की सदस्य रह चुकी हैं।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: हवाई फायरिंग के आरोपी बिहार के पूर्व MLA गिरफ्तार