Friday, November 30, 2018

पिटाई से हुई मौत, पुलिस ने मृतक पर भी किया केस

नई दिल्ली
अमन विहार में शुक्रवार सुबह चोरी के शक में जिस शख्स की पीट-पीटकर हत्या हुई, उस पर भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। अब इस केस की दो अलग-अलग तफ्तीश चलेंगी। अमन विहार में शुक्रवार सुबह जो हुआ उससे हर कोई हैरत में हैं। हालांकि, मरने वाले युवक पर आरोप है कि वह तड़के चोरी की नीयत से एक घर में घुसा था। मकान मालिक की नींद खुल गई। उन्होंने रंगे हाथों पकड़ लिया था। पुलिस को इस घटना के बारे तब इत्तला दी जब पिटाई से बेहाल हो चुके युवक की मौत हो चुकी थी। अमन विहार थाने की पुलिस व सीनियर अफसर घटनास्थल पर पहुंचे। कुछ युवकों के बयान रिकॉर्ड किए। इस बाबत पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दो को हिरासत में लिया है। कि फरार आरोपियों की पहचान में पुलिस जुटी है।

पुलिस अफसरों के मुताबिक, मृतक की पहचान 20 साल के राजेश कुमार के रूप में हुई है। वह लक्ष्मी विहार, प्रेम नगर थर्ड का रहने वाला था। इसके पास एक टेंपो हैं। सुबह 7.30 बजे पुलिस को कॉल मिली थी कि एक चोर अमन विहार में महेंद्र उर्फ मानसिंह के घर में घुसा था। रात को घर में खटपट की आवाज सुनकर घर के लोग जाग गए। घर के लोगों का दावा है कि उन लोगों ने चोरी करने घुसे युवक को रंगे हाथों पकड़ लिया और चोर का शोर मचा दिया। आसपास के लोग भी आ गए।

संदिग्ध युवक की आसपास के लोगों ने जमकर धुनाई की। आरोप है कि उसके हाथ पांव बांधकर लोग पीटते रहे। जब वह अधमरा हो गया तो किसी ने पुलिस को कॉल करके बताया कि एक चोर की मौके पर मौत हो गई है। पुलिस ने उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जांच में पता चला है कि अंदरूनी चोट लगी थी, जिसकी वजह से ब्लीडिंग हो गई। कुछ ही देर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूत्रों का कहना है कि घटना के समय कुछ लोगों ने मोबाइल से विडियो भी बनाया। पुलिस ने पहचान के आधार पर महेंद्र को अरेस्ट कर लिया है। वह मजदूरी करता है। दो अन्य को हिरासत में लिया है। बाकी अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: पिटाई से हुई मौत, पुलिस ने मृतक पर भी किया केस