Sunday, October 28, 2018

इंडोनेशिया प्लेन क्रैश : दिल्ली के भव्य सुनेजा उड़ा रहे थे प्लेन

नई दिल्ली
सोमवार को जकार्ता से उड़ान भरने के कुछ मिनटों बाद ही क्रैश हुए इंडोनेशिया के लॉयन एयर बोइंग 737 विमान को दिल्ली के मयूर विहार के 31 वर्षीय कैप्टन भव्य सुनेजा उड़ा रहे थे। विमान 188 यात्रियों को लेकर जेटी-610 जकार्ता से पंगकल पिनॉन्ग जा रहा था।

भव्य सुनेजा ऐल्कॉन पब्लिक स्कूल से पढ़े थे और 2009 में ही उन्होंने पायलट का लाइसेंस हासिल किया था। इसके बाद वह अमिरात में ट्रेनी रहे। उन्होंने 7 साल पहले लॉयन एयर को जॉइन किया था। हमारे सहयोगी अखबार इकॉनॉमिक टाइम्स के एविएशन और डिफेंस एडिटर तरुण शुक्ला ने बताया कि उनके साथ को-पायलट हरविनो थे।

पढ़ें: इंडोनेशिया में प्लेन क्रैश, 188 मौतों की आशंका

भव्य को 6000 घंटों का फ्लाइट अनुभव था और को-पायलट को 5000 का। यह विमान अपनी उड़ान के 11 मिनट बाद ही क्रैश हो गया। बड़ी बात यह कि यह बिल्कुल नया विमान था और दो महीने पहले ही इसे शुरू किया गया था।

समाचार साइट ब्लूमबर्ग ने इंडोनेशिया की नैशनल सर्च ऐंड रेस्क्यू एजेंसी के हवाले से कहा है कि उड़ान के वक्त यह 3,000 फीट की ऊंचाई पर था। हालांकि इस साइट ने मरने वालों की संख्या 189 बताई है। सर्च ऑपरेशन के अधिकारियों ने बताया कि जावा समुद्र तट के पास विमान के टुकड़े नजर आए हैं।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: इंडोनेशिया प्लेन क्रैश : दिल्ली के भव्य सुनेजा उड़ा रहे थे प्लेन