Sunday, September 30, 2018

क्या हुआ, जब फर्जी IPS ने रेड डालनी शुरू कर दी

सिद्धार्थ भारद्वाज, नई दिल्ली
पुलिसवाला बनने के लिए लोग क्या करते हैं? पढ़ाई करते हैं। एग्ज़ाम देते हैं। पास हो गए, तो फिज़िकल टेस्ट होता है। तब जाकर कहीं कोई पुलिसवाला बनता है। लेकिन, जब सनक हद से आगे बढ़ जाए, तब आदमी सुनील त्यागी बन जाता है। सोनीपत का रहने वाला 12वीं पास सुनील पुलिसवाला बनना चाहता था। दिल्ली पुलिस में नौकरी निकली, तो उसने एग्ज़ाम दिया। लेकिन, पास नहीं हुआ। जब कोई रास्ता न सूझा, तो फर्जी पुलिसवाला बन गया।

मामला दिल्ली का है। 29 साल के सुनील त्यागी ने बाज़ार से पुलिस की वर्दी खरीदी, अपनी वैगन-आर कार पर नीला स्टार लगाया और खुद को DSP दिखाने लगा। उसके लिए एक IPS बनने का यह शायद सबसे आसान तरीका था।

अब जबकि वह असली पुलिसवाला नहीं था, तो कहीं किसी थाने में पोस्टिंग भी नहीं मिली। सैलरी भी नहीं मिलती थी। उसने छोटे दुकानदारों और ट्रकवालों को लूटना शुरू कर दिया। वह दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में किराए पर रहता था। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में वह ट्रकवालों और छोटे दुकानदारों को पकड़ता, उन्हें जेल भेजने की धमकी देता और बदले में पैसे और दूसरी चीज़ें लूट लेता। हाल ही में उसने दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक ट्रकवाले को लूटा था।

सुनील के हाथों लूटे गए कई लोग अपने-अपने इलाकों में पुलिस के पास गए। उन्होंने शिकायत की कि एक IPS ने उनके इलाके में छापा मारा और उनसे पैसे ऐंठ ले गया। इससे पुलिस भी परेशान हो गई कि आखिर यह कौन पुलिसवाला है, जो लोगों को लूट रहा है। वैसे भी उनके थानों में सुनील त्यागी का कोई पुलिसवाला नहीं था। दिल्ली पुलिस कई दिनों से सुनील की तलाश में थी। आखिरकार शुक्रवार को वह दिल्ली कैंट इलाके में पकड़ा गया।

दिल्ली कैंट में सुनील जब एक पिकअप ट्रकवाले को लूट रहा था, तो ऐसा करते हुए वह CCTV कैमरे में कैद हो गया। इसके बाद उसकी तस्वीर और गाड़ी की डीटेल्स सभी पुलिस थानों में भेज दी गई और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया। दिल्ली साउथवेस्ट के DCP देवेंद्र आर्य ने बताया कि सुनील के खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी और भेष बदलने का केस दर्ज किया गया है।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: क्या हुआ, जब फर्जी IPS ने रेड डालनी शुरू कर दी