Friday, September 28, 2018

पहचानने से इनकार किया तो अज्ञात लोगों ने मार दी गोली

नई दिल्ली
दिल्ली के उस्मानपुर में बाइक सवार दो बदमाशों ने कार सवार शख्स के पास आकर पूछा कि क्या वह उन्हें जानता है? कार सवार ने बदमाशों से कहा कि वह उन्हें नहीं जानते। इस पर एक बदमाश ने पहले हवा में गोली चलाई। कार सवार ने बदमाश को काबू करने की कोशिश की तो उसने गोली चला दी। गोली कार सवार की ऐड़ी में लगी। बदमाश फरार हो गए। वारदात न्यू उस्मानपुर एरिया की है, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 26 साल के गोविंद मुकुंद विहार करावल नगर में रहते हैं। वह कलस्टर बस में कंडक्टर हैं। गोविंद चचेरे भाई अमोल के साथ नोएडा से उनकी कार में घर लौट रहे थे। खजूरी चौक पर उन्होंने बुआ के बेटे शेर सिंह को कॉल की, वह ट्रैफिक पुलिस में तैनात हैं। खजूरी चौक से सिग्नेचर ब्रिज की ओर फ्लाइओवर पार करने के बाद उन्होंने गाड़ी रोक दी और शेर सिंह का इंतजार करने लगे।

जानकारी के मुताबिक, रात 10:20 बजे के करीब बाइक सवार दो युवकों ने उनकी कार के आगे बाइक लगा दी। उनमें से एक अमोल की तरफ खिड़की पर आकर पूछा कि क्या वह उन्हें जानता है? अमोल ने मना कर दिया। युवक बोला कि वह तो उन्हें अच्छी तरह से जानता है। तभी दूसरा लड़का आया और बोला कि हां यही गाड़ी है। इतने में अमोल गाड़ी से निकल गए। तब दोनों बाइक सवार अमोल से झगड़ने लगे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश ने फायरिंग कर दी। अमोल ने काबू करना चाहा तो उसने फिर गोली चला दी। गोली गोविंद को लग गई।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: पहचानने से इनकार किया तो अज्ञात लोगों ने मार दी गोली