Sunday, September 2, 2018

बारिश ने बढ़ाई परेशानी, कई जगह जलभराव

नई दिल्ली
राजधानी के कई हिस्सों में रविवार सुबह हल्की बारिश होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन इससे कई जगह जलभराव की समस्या भी हो गई। मौसम विभाग पहले ही दिल्ली में और बारिश होने का अनुमान लगा चुका था। पिछले 24 घंटे के दौरान सफदरजंग वेधशाला में 24.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी है। इस वेधशाला को शहर का अधिकारिक आंकड़ा रखने वाला माना जाता है।

इसी दौरान पालम में 19.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ‘आसमान में बादल छाए रहेंगे। दिन में शहर के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है।’



सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 95 प्रतिशत दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब बने रहने का अनुमान है। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को भारी बारिश हुई, जिसके कारण जल जमाव हो गया और शहर में कई जगह यातायात प्रभावित हुआ। दिल्ली में शनिवार का न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: बारिश ने बढ़ाई परेशानी, कई जगह जलभराव