Thursday, August 2, 2018

NDMC: पेड़ों की होगी जियो टैगिंग, मिलेंगे बारकोड

सिमरनजीत सिंह, नई दिल्ली
जल्द ही आप एनडीएमसी एरिया में लगे पेड़ों की जानकारी एक क्लिक से ले सकेंगे। इसके लिए एनडीएमसी अपने एरिया में लगे सभी पेड़ों की जियो टैगिंग करने जा रही है। इसके लिए कई कंपनियों से टेंडर मांगे गए हैं। इसे पेड़ों की गणना भी कहा जा सकता है। जियो टैगिंग होने का मतलब है कि आप मैप में भी इन पेड़ों को देख सकते हैं। यदि आप एनडीएमसी एरिया में हैं और किसी पेड़ के पास खड़े होकर मैप खोलते हैं, तो मैप में यह दिखाया जाएगा कि आप इस वक्त किस पेड़ के पास खड़े हैं। यह कौन-सा पेड़ है। इसके साथ ही पेड़ों को नंबर और बारकोड भी दिए जाएंगे। आप एक स्कैन में यह पता लगा सकेंगे कि इस पेड़ का क्या नाम है और उम्र कितनी है।

बता दें कि शुरुआती दौर में यह सुविधा एनडीएमसी के अधिकारियों और कर्मचारियों को ही होगी। जब इसे पूरी तरह से सफल मान लिया जाएगा, तो एनडीएमसी के ऐप 311 में अपडेट कर दिया जाएगा। इसके बाद पब्लिक भी इसकी पूरी जानकारी ले सकती है। इस बारे में एनडीएमसी के हॉर्टिकल्चर डिपार्टमेंट के डायरेक्टर डॉ़ एस चिल्लैया बताते हैं कि पेड़ों की जियो टैगिंग को लेकर कई कंपनियों से बात की जा रही है। राजधानी में हर साल एयर पलूशन काफी बढ़ जाता है। इससे बचने के लिए अधिक से अधिक पेड़ों की जरूरत है। एरिया में ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाए जा रहे हैं और अब इनकी जियो टैगिंग करवाई जा रही है। एनडीएमसी में काफी पेड़ बूढ़े हो चुके हैं। पिछले कुछ महीनों पहले तेज आंधी में यहां के कुछ पेड़ गिर भी गए थे। जियो टैगिंग से यह फायदा होगा कि पेड़ की हमें सही जानकारी मिल पाएगी कि पेड़ की उम्र क्या है। यह कितनी ऑक्सीजन दे रहा है, यह पेड़ किसी तरीके से नुकसान तो नहीं दे रहा। इसके साथ ही पेड़ की ऊंचाई और चौड़ाई कितनी है।

बंगलों और सड़कों दोनों का रखेगा जाएगा हिसाब
डायरेक्टर के मुताबिक पेड़ों की संख्या का भी हिसाब रखा जाएगा। इसमें न सिर्फ एनडीएमसी की सड़कों पर लगे पेड़ों का हिसाब रखा जाएगा, बल्कि जितने भी बंगले और बिल्डिंग्स हैं, उनमें लगे पेड़ों का भी हिसाब होगा। उन्हें भी नंबर और बारकोड दिया जाएगा ताकि उसे बारे में भी पूरी जानकारी मिल सके।

एक किस्म के कितने पेड़, यह भी पता चलेगा

यदि आप देखना चाहते हैं कि एनडीएमसी एरिया में अमलतास के कितने पेड़ हैं, तो एनडीएमसी के ऐप में सर्च कर सकते हैं। इसमें आपको अमलतास के पेड़ों की संख्या के बारे में भी पता चल जाएगा और ये पेड़ किस-किस जगह पर हैं, ये भी पता चल जाएगा। इसके साथ ही पेड़ों तक पहुंचने का रास्ता भी दिखाया जाएगा।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: NDMC: पेड़ों की होगी जियो टैगिंग, मिलेंगे बारकोड