Wednesday, August 29, 2018

मंगोलपुरी में जमकर हुआ खून-खराबा, 2 की मौत, 4-5 घायल

विशेष संवाददाता, नई दिल्ली
मंगोलपुरी में बीती रात अलग-अलग जगहों पर खूनखराबे के चलते डबल मर्डर हुआ है। 4-5 लोग घायल भी हुए है, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों हमले आपसी रंजिश के चलते हुए। आरोपियों की तलाश जारी है।

डबल मर्डर की वारदात आई-ब्लॉक में हुई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि वहां से रात करीब 10:30 बजे चाकूबाजी की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि चार-पांच लोगों को चाकू लगे हैं। हमलावर फरार हो गए हैं। झगड़ा एक गली के अंदर हुआ था। अस्पताल ले जाने पर दो लोगों की मौत हो गई। बाकी का इलाज चल रहा है।

एक पुलिस अधिकारी का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला कि हमलावर किसी ओर को निशाना बनाने आए थे, लेकिन झगड़े के चलते पांच-छह लोगों को ताबड़तोड़ चाकू मारे, जिससे दो की मौत हो गई। उनकी पहचान दिनेश और कर्मवीर के तौर पर हुई है। उसी एरिया के रहने वाले हैं। उम्र 40 साल के आसपास है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस मामले में नाबालिग समेत कुछ लोग हिरासत में लिए गए हैं।

दूसरी ओर मंगोलपुरी के एक अन्य ब्लॉक में रात दिल्ली जल बोर्ड के कर्मचारी सुरेश को चाकू मार दिया गया। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल आईसीयू में भर्ती हैं। बताया जा रहा है कि सुरेश का घर के बाहर किसी से झगड़ा हुआ था। कहासुनी के चलते उन पर चाकू से हमला कर दिया गया।

बता दें कि मंगोलपुरी में सट्टे के वर्चस्व की लड़ाई के चलते कुछ दिन पहले दो ग्रुप भिड़े थे। उनके हाथों में पिस्टल भी थीं, उनका विडियो वायरल हो गया था।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: मंगोलपुरी में जमकर हुआ खून-खराबा, 2 की मौत, 4-5 घायल