Monday, July 30, 2018

इलाज रोक हड़ताल पर जाएंगे लेडी हार्डिंग के डॉक्टर

नई दिल्ली
दिल्ली में स्थित 100 साल पुराना लेडी हार्डिंग अस्पताल जर्जर हालत में है। सीपीडब्ल्यूडी ने इस बिल्डिंग को खतरनाक घोषित कर दिया है। अस्पताल में बेड की इतनी किल्लत है कि एक बेड पर तीन से चार मरीज को एडमिट किया जाता है। पिछले साल निशा नाम की एक महिला मरीज एक बेड पर तीन मरीज रखे जाने से परेशान होकर बीच में ही इलाज छोड़कर चली गई थी। बेड की किल्लत अभी भी बरकरार है, क्योंकि अस्पताल के रीडिवेलपमेंट का काम पांच साल से रुका हुआ है।

डॉक्टरों की तरफ से बार-बार पत्र लिखने के बाद भी केंद्रीय स्वास्थ्य डिपार्टमेंट की तरफ से कोई ऐक्शन नहीं होने से नाराज डॉक्टरों ने अब भूख-हड़ताल पर जाने का फैसला किया है। लेडी हार्डिंग के रेजिडेंट डॉक्टर्स असोसिएशन के प्रेजिडेंट डॉक्टर विवेक चौकसे ने कहा कि हमने स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखकर मंगलवार से अनिश्चितकालीन भूख-हड़ताल की सूचना दे दी है और उन्हें इसकी वजह भी बता दी है।

आठ डॉक्टर भूख-हड़ताल पर बैठेंगे और साथ में सभी डॉक्टरों का सहयोग होगा। उन्होंने बताया कि अस्पताल के स्टूडेंट यूनियन भी इसमें शामिल होंगे। डॉक्टर विवेक ने बताया कि मंगलवार को अस्पताल में भी स्ट्राइक होगी, ओपीडी पूरी तरह से प्रभावित रहेगी। केवल इमरजेंसी में मरीजों को इलाज मिलेगा। उन्होंने कहा कि बिल्डिंग को खतरनाक बताए जाने के बावजूद लोगों का इलाज हो रहा है। इससे मरीज, उनके परिजन, डॉक्टर, स्टाफ सबके लिए खतरा है। यह एक तरह से जिंदगी से खिलवाड़ है।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: इलाज रोक हड़ताल पर जाएंगे लेडी हार्डिंग के डॉक्टर