Sunday, July 29, 2018

बच्चों को रिश्तेदार के घर छोड़ा, दी जान

नई दिल्ली
तुगलकाबाद एक्सटेंशन में रविवार दोपहर एक घर से पति-पत्नी के संदिग्ध हालात में पंखे से शव लटके मिले। माना जा रहा है कि दोनों ने एक साथ खुदकुशी की। शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच मनमुटाव और आर्थिक तंगी की बात सामने आई है। मृतकों की शिनाख्त दीपक (41) और ममता (28) के रूप में हुई है। घटना से पहले दीपक ने अपने दोनों बच्चों को पड़ोस में रहने वाली मौसी के घर भेज दिया था।

पुलिस को कमरे में एक सूसाइ़ड नोट मिला, जिसमें यह बात लिखी है कि उनकी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाए। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक, दीपक मूलरूप से उत्तराखंड के रहने वाले थे। वह परिवार के साथ तुगलकाबाद एक्सटेंशन, गोविंदपुरी में रहते थे। उनके दो बच्चे दिव्यांश (11) और बेटी तीस्ता (8) हैं। दीपक ओखला इलाके में एक कंपनी में जॉब करते थे।

दीपक की ममता से दूसरी शादी थी। पहली पत्नी की मौत के 3 महीने बाद ही दीपक ने ममता से शादी की थी। दिव्यांश और तीस्ता दीपक की पहली पत्नी के बच्चे हैं। 19 अगस्त 2017 को दीपक की पहली पत्नी ने जहर खाकर जान दे दी थी। इसके बाद से दीपक और ममता साथ रह रहे थे। पारिवारिक सूत्रों का कहना है कि दोनों बच्चों की परवरिश को लेकर दोनों में अक्सर झगड़ा होता था।

शनिवार शाम दीपक अपने दोनों बच्चों को पड़ोस में रहने वाली उनकी मौसी के घर छोड़कर आ गए थे। रविवार दोपहर तक जब दीपक के घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों ने दरवाजा खटखटाया। रोशनदान से झांकने पर पड़ोसियों ने देखा कि दीपक फंदे से लटके हुए थे। पुलिस आशंका जता रही है कि आर्थिक तंगी भी एक वजह हो सकती है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: बच्चों को रिश्तेदार के घर छोड़ा, दी जान