Monday, July 30, 2018

यमुना में आई बाढ़ में डूबने से बचाए गए 15 लोग

आलोक के.एन मिश्रा, नई दिल्ली
राजधानी के बुराड़ी इलाके में एक बड़ी अनहोनी वक्त रहते टल गई। बुराड़ी में यमुना किनारे श्मशान घाट के पास 15 लोग बाढ़ के पानी में फंस गए और निकल नहीं पा रहे थे। इन लोगों ने यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जारी की गई चेतावनियों को नजरअंदाज करते हुए अपनी झोपड़ियां नहीं हटाई थीं। आखिर में जब यमुना का पानी झोपड़ियों तक चढ़ आया तो वे फंस गए।

इन लोगों को फंसा देख आसपास के लोगों ने आपदा प्रबंधन विभाग से मदद के लिए 1077 पर पैनिक कॉल किए। सूत्रों ने बताया, 'कंट्रोल रूम को सूचना देने के लिए एक फोन कॉल की गई थी और बताया कि 15 लोग पानी में बह सकते हैं। इन्हें बचाने के लिए आपातकालीन मदद मांगी गई ताकि लोगों को बचाया जा सके। इन लोगों में 7 महिलाएं, 6 बच्चे और 2 पुरुष शामिल थे।'

पूर्वी और शाहदरा जिलों के डीएम के. महेश ने बताया, 'ये लोग पानी में फंस गए थे और निकल नहीं पा रहे थे। जिला प्रशासन की ओर से कई बार अलर्ट जारी किए जाने के बाद भी इन लोगों ने अपने घर नहीं छोड़े थे। पानी का स्तर तेजी से बढ़ने पर इन लोगों ने सोमवार को अपने ठिकाने छोड़ने का फैसला लिया। लेकिन फंस और समय रहते बचाव अभियान चलाकर इन्हें बहने से बचा लिया गया।'

महेश ने कहा कि इन लोगों को इसलिए बचाया जा सका क्योंकि जिला प्रशासन समय रहते बचाव एवं राहत कार्य में जुट गया था। महेश ने कहा, 'संयोग की बात यह थी कि ये लोग जहां फंसे थे, वह उन 23 जगहों में से एक थी, जहां मेकेनाइज्ड बोट्स की तैनाती की गई थी। नाव को तुरंत बचाव के काम में लगाया गया और 4 डाइवर तेजी से लोगों को बचाने के लिए कूद पड़े। सभी ने मिलकर 15 लोगों को बचा लिया।'

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: यमुना में आई बाढ़ में डूबने से बचाए गए 15 लोग