Monday, July 30, 2018

पैंरंट्स ने डांटा, नेपाल भागी 13 वर्षीय लड़की

सिद्धार्थ भारद्वाज, नई दिल्ली
दिल्ली के बुराड़ी इलाके में 18 साल के एक युवक ने पड़ोस में रहने वाली 13 साल की नाबालिग को किडनैप किया और उसे लेकर बिहार में अपने गांव चला गया। इसके बाद वह नेपाल भाग गया। शनिवार को पुलिस ने लड़की को बचाया लेकिन उसने वापस अपने परिवार के साथ रहने से इनकार कर दिया।

इस घटना की पुष्टि करते हुए डीसीपी(नॉर्थ वेस्ट) असलम खान ने कहा कि लड़की को किडनैप करने वाले युवक को अरेस्ट कर लिया गया है और लड़की को नारी-निकेतन भेजकर काउंसलिंग की जा रही है। घटना 18 जुलाई की है, उसी दिन से लड़की लापता थी।

पुलिस ने बताया कि लड़की के स्कूल बैग में एक मोबाइल फोन मिला था। यह बात टीचर ने लड़की के पैरंट्स को बताई थी, जिसपर पैरंट्स ने उसे डांटा था। इसपर परेशान लड़की ने पड़ोस में रहने वाले युवक को सारी बात बताई, जो एक प्राइवेट इंस्टीट्यूट से होटल मैनेजमेंट का कोर्स कर रहा है। लड़की को डर था कि उसे दोबारा डांटा जा सकता है। युवक ने उसे समझाया और डांट से बचाने का भरोसा देकर उसे साथ ले गया।

दोनों पहले साकेत गए और वहां से कुछ पैसे जुटाए। इसके बाद बिहार के अररिया जिले स्थित गांव तक जाने के लिए टिकट बुक कीं। उसी शाम दोनों बस पकड़कर निकल गए और अपने मोबाइल फोन्स वहीं छोड़ गए।

लड़की के पैरंट्स ने उसे ढूंढना शुरू किया और कामयाबी न मिलने पर पुलिस से मदद मांगी। पुलिस ने किडनैपिंग का केस दर्ज कर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज जब्त कर जांच आगे बढ़ाई। पड़ोस के लड़के पर शक हुआ, जो खुद भी उसी दिन से लापता था। उसका फोन भी स्विच्ड ऑफ था।

पुलिस ने उसके गांव में उसके परिजनों से संपर्क किया और वहां पहुंची। पुलिस पहुंचने की भनक पर लड़का वहां से भाग गया और नेपाल में छुप गया। टीम बॉर्डर पर इंतजार करती रही और दोनों से संपर्क करने की कोशिश करती रही। इसके बाद परिजनों ने युवक से संपर्क किया और दोनों को दिल्ली ले आई। रविवार को मैजिस्ट्रेट के सामने लड़की ने बयान दिया और कहा कि वह अपने माता-पिता के साथ नहीं रहना चाहती। अब पुलिस लड़की के रहने की व्यवस्था के लिए चाइल्ड प्रोटेक्शन सर्विसेज के संपर्क में है।

इस खबर को अंग्रेजी में पढ़ें

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: पैंरंट्स ने डांटा, नेपाल भागी 13 वर्षीय लड़की